बुलंद सोच, नीमच।
_202688_235914_m.webp)
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) मप्र ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में टीम ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 22 हजार ट्रामाडोल टेबलेट तथा 190 अफीम युक्त गोलियां जब्त की हैं।
सीबीएन टीम आरोपितों से ट्रामाडोल टेबलेट और अफीम युक्त गोलियों के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है। सीबीएन मप्र इकाई के अधिकारियों के अनुसार, यह दोनों कार्रवाई 7 अगस्त को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में की गई हैं।
आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। दोनों मामलों में गहनता से जांच की जा रही है और अवैध मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क को खंगालने का काम किया जा रहा है।
पहली कार्रवाई: बस में सवार दो यात्रियों से 12 हजार ट्रामाडोल टेबलेट जब्त
सीबीएन ने पहली कार्रवाई 7 अगस्त को चित्तौड़गढ़ जिले की भदेसर तहसील में की। पुख्ता मुखबिर सूचना के आधार पर 7 अगस्त को सीबीएन टीम ने चिकारड़ा-मंडफिया मार्ग स्थित ग्राम करौली में होटल श्री बाबा रामदेव फैमिली रेस्टोरेंट के पास जांच व निगरानी के दौरान चिकारड़ा से आ रही एक बस को रोका।
दो यात्रियों की तलाशी लेने पर उनके दो बैक पैक बेगों से 12 हजार ट्रामाडोल टेबलेट जब्त हुईं। दोनों बस यात्री ट्रामाडोल टेबलेट रखने और परिवहन करने के संबंध में कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके, जिस पर टेबलेट व बेग को जब्त कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरी कार्रवाई: होटल के कमरे में दबिश, ट्रामाडोल सहित अफीम युक्त गोलियां मिलीं
सीबीएन मप्र की टीम ने दूसरी कार्रवाई भी 7 अगस्त को चित्तौड़गढ़ जिले में की। पुख्ता मुखबिर सूचना के आधार पर सीबीएन टीम ने चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया के भादसोड़ा रोड स्थित होटल चेतक पैलेस के कमरा नंबर 104 की तलाशी ली।
कमरे में तलाशी के दौरान एक नीले रंग के ट्राली बेग में 10 हजार ट्रामाडोल टेबलेट मिलीं, जिनका वजन लगभग 8 किलो है। वहीं कामिनी विद्रावण रस नाम की अफीम युक्त करीब 190 गोलियां भी जब्त की गईं।
कमरे में मौजूद दो लोगों से इनके संबंध में पूछताछ की गई तो वे कोई जवाब नहीं दे सके। इस पर सीबीएन टीम ने 10 हजार ट्रामाडोल टेबलेट और अफीम युक्त करीब 190 गोलियां जब्त कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

