केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) मप्र ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में दो बड़ी कार्रवाई कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। टीम ने उनके पास से 22 हजार ट्रामाडोल टेबलेट और 190 अफीम युक्त गोलियां जब्त की हैं। ये दोनों कार्रवाई 7 अगस्त को की गईं। आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गहनता से पूछताछ और जांच की जा रही है, जिससे अवैध मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
भोपाल में पहली बार हिस्ट्रीशीटर गांजा तस्कर शैलू उर्फ शैलेश संकत (कंजर) पर पिट-एनडीपीएस एक्ट लगाया गया है। भोपाल संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने उसे छह महीने के लिए केंद्रीय जेल, इंदौर में निरुद्ध करने का आदेश दिया है। 35 वर्षीय शैलेश संकत पर एनडीपीएस एक्ट के पांच मामलों सहित कुल 42 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह 2020 से लगातार गांजा तस्करी में लिप्त है। यह कार्रवाई उन आदतन तस्करों को सख्त संदेश देने के लिए की गई है, जो जेल से छूटने के बाद पुनः अपराध में संलग्न हो जाते हैं।
भोपाल पुलिस ने गांजा तस्करी के लिए कुख्यात इतवारा क्षेत्र में शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई की। डीसीपी आयुष गुप्ता के नेतृत्व में ‘मिशन ड्रग फ्री भोपाल’ अभियान के तहत 300 से अधिक पुलिसकर्मियों ने 60 से 70 मकानों में दबिश दी। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद होने का दावा किया जा रहा है। पुलिस पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच कर रही है, जिससे कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है। तलाशी और जब्ती की कार्रवाई जारी है।