बुलंद सोच, डबरा।

भितरवार अनुविभाग की ग्राम पंचायत पुरा बनवार में पिछले तीन दिनों से एक परिवार के घर में अचानक आग लगने की घटनाओं ने ग्रामीणों को हैरान कर दिया है। घर में रखे कपड़े, बिस्तर, बक्से, साड़ियाँ और अन्य सामान अचानक आग की चपेट में आ रहे हैं। परिवार का कहना है कि रोजाना पहनने वाले कपड़ों से लेकर घर में रखे सामान तक में अचानक आग लग रही है। चार माह पहले हुई बेटे की शादी के बाद घर में आई नई बहू की साड़ी भी अचानक आग की चपेट में आ चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से परिवार भय और चिंता के माहौल में है।
भारी नुकसान और आग लगने का क्रम
पुरा बनवार निवासी इंदर कुशवाह के घर में मंगलवार से आग लगने का सिलसिला शुरू हुआ। मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर करीब चार से पाँच बार आग लगी। इसके बाद बुधवार को दो बार और गुरुवार को भी तीन से चार बार आग लगने की घटना बताई गई है। खास बात यह है कि आग घर में रखे अलग-अलग सामान में लग रही है, जिससे परिवार के सदस्य लगातार सतर्क रहकर सामान को सुरक्षित करने और आग बुझाने में जुटे हुए हैं। इस रहस्यमयी आग की घटना में संबंधित परिवार का भारी नुकसान हो चुका है।
ग्रामीणों में चर्चा और प्रशासनिक हस्तक्षेप
लगातार आग लगने की जानकारी गाँव में फैलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुँच रहे हैं। लोग अपनी आँखों से घटनाक्रम को देखने का प्रयास कर रहे हैं। आग लगने का कारण सामने नहीं आने से ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएँ भी शुरू हो गई हैं। घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम पंचायत सरपंच नीतू परिहार, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा जिला ग्रामीण अध्यक्ष बनवारी सिंह परिहार और पंचायत सचिव भरोसी कुशवाहा, ग्राम पटवारी के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने परिवार के सदस्यों से घटनाओं की जानकारी ली और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही मामले से प्रशासन को अवगत कराया गया है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारण की जाँच कर स्थिति स्पष्ट की जा सके।

