बुलंद सोच, ग्वालियर।

शहर के सिटी सेंटर इलाके में पुलिस सड़कों पर उतरी। पुलिस ने कोचिंग संस्थानों के आसपास से मनचलों को खदेड़ा। समूह में खड़े युवकों में पुलिस को देखकर अफरा-तफरी मच गई। यह पहली बार था जब सिटी सेंटर इलाके की गलियों में महिला पुलिसकर्मियों ने गश्त की।
इस अभियान के दौरान शराब पी रहे लोगों को पकड़ा गया और उन्हें थाने पहुंचाया गया। पुलिस की इस मौजूदगी से इलाके के रहवासियों, कोचिंग संस्थानों में आने वाली छात्राओं और नौकरीपेशा महिलाओं ने राहत की सांस ली।
क्षेत्र की स्थिति
सिटी सेंटर स्थित साइट नंबर-एक, पटेल नगर, सरस्वती नगर, गोविंदपुरी और कैलाश विहार में प्रमुख कोचिंग संस्थान हैं। यहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में छात्राएं आती हैं। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीयकृत बैंक, निजी बैंक और कई बड़े निजी संस्थान भी इस क्षेत्र में हैं, जिसके कारण काफी संख्या में कामकाजी महिलाएं भी यहां आती हैं। दिनभर काफी संख्या में छात्राओं और कामकाजी महिलाओं का आवागमन बना रहता है।
इस क्षेत्र में असमाजिक तत्व गुमटियों पर इकठ्ठे रहते हैं और समूह बनाकर खड़े रहते हैं। ये आते-जाते छात्राओं को तंग करते हैं। शाम होते ही यह क्षेत्र नशे के अड्डे में बदल जाता है और इसके बाद तेज रफ्तार में गाड़ियां निकाली जाती हैं। इस मामले को नईदुनिया ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
एसएसपी के निर्देश पर कार्रवाई
नईदुनिया की खबर के तुरंत बाद, एसएसपी धर्मवीर सिंह ने सीएसपी रवि भदौरिया को निर्देशित किया। इसके पश्चात यूनिवर्सिटी थाना प्रभारी रविंद्र जाटव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं। महिला थाने से भी अतिरिक्त फोर्स बुलाया गया।
पुलिस ने पूरे इलाके में शाम से रात तक गश्त की। इस दौरान जगह-जगह खड़े युवकों को खदेड़ा गया। शराब पी रहे लोगों को पकड़ा गया और गाड़ियों में शराब पी रहे लोगों पर भी कार्रवाई की गई।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि सिटी सेंटर, पड़ाव सहित अन्य क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे इलाके जहां छात्राओं और महिलाओं का आवागमन अधिक है, वहां महिला फोर्स गश्त करेगी।

