बुलंद सोच, भिंड।
ग्वालियर-इटावा हाईवे पर शुक्रवार सुबह गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में मार्ग टोड़े वाली माता के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस डंपर और गैस सिलेंडरों से लदे एक भारी वाहन की चपेट में आने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
इस हादसे में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए।
घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल यात्रियों का उपचार जारी है। मृत महिला की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा तेज रफ्तार और वाहनों के आमने-सामने टकराव के कारण हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने और यातायात सुचारु करने के लिए क्रेन की मदद ली गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और घायलों के बयान तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

