बुलंद सोच, ग्वालियर।

डीजीसीआई जबलपुर की एक टीम ने ग्वालियर में पान मसाला कारोबार से जुड़ी एक फर्म की पड़ताल की है।
जबलपुर से आए अधिकारियों ने ग्वालियर में गोपी पान मसाला बनाने वाली फर्म ‘सेठ प्रोडक्ट’ के यहां तलाशी ली।
तलाशी के दौरान टीम ने कई बिंदुओं का निरीक्षण किया और रिकॉर्ड की जांच की। टीम को ऑटोमैटिक पैकिंग से पान मसाला के पाउच पैक किए जाने की जानकारी मिली थी, जिसके साथ अन्य इनपुट भी उपलब्ध थे।
गुरुवार शाम को डीजीसीआई जबलपुर के अधिकारियों ने काफी देर तक जांच की और विशेष रूप से पैकेजिंग से संबंधित कुछ जानकारियां जुटाईं।
उल्लेखनीय है कि इन दिनों पान मसाला फर्मों को लेकर जांच-पड़ताल चल रही है। प्रदेश के कई जिलों में विभिन्न एजेंसियों द्वारा ऐसी जांचें की जा रही हैं।
द डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ कार्मेशियल इंटेलिजेंस एंड स्टेटिसटिक्स (डीजीसीआई) जबलपुर की टीम को सूचना मिली थी कि ग्वालियर में गोपी पान मसाला के यहां पैकिंग को लेकर गड़बड़ी चल रही है।
इसी इनपुट के आधार पर डीजीसीआई की टीम ग्वालियर पहुंची और स्थानीय अधिकारियों के समन्वय से गोपी पान मसाला की ‘सेठ प्रोडक्ट’ फर्म पर पहुंची।
फर्म के प्रोपराइटर ओमप्रकाश गुप्ता हैं। इस मामले में ओमप्रकाश गुप्ता से चर्चा करने पर उन्होंने गोपी पान मसाला की फर्म को खुद का नहीं बताया और कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है कि यह किसकी है।
बाजार में इन दिनों छोटे ब्रांड के पान मसालों की संख्या बढ़ गई है। पान की दुकानों से लेकर ठेलों तक इन छोटे ब्रांड के पान मसालों की बिक्री में वृद्धि हुई है, जिन पर कोई जांच-पड़ताल नहीं होती है।
यह स्पष्ट नहीं होता कि ये ब्रांड कहां बन रहे हैं और कौन इन्हें बना रहा है। ग्वालियर में भी इनका कारोबार लगातार फैलता जा रहा है।

