BREAKING NEWS
2026-10-17

भोपाल में पत्नी के साथ जाने से इनकार पर युवक ने ससुराल में काटी कलाई

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के गौतम नगर इलाके में गुरुवार रात पत्नी के साथ जाने से इनकार करने पर एक युवक ने अपने ससुराल में विवाद किया। विवाद के दौरान युवक ने चाकू से अपनी कलाई पर वार कर खुद को घायल कर लिया। घायल करने के बाद युवक ने ससुराल वालों को धमकी दी कि वह मर जाएगा और उन्हें फंसा देगा। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, अनु जेपी नगर निवासी 26 वर्षीय मोहन पंथी ने बताया कि उसकी बहन गीता ने परिवार की मर्जी के खिलाफ वर्ष 2024 में हर्ष मांझी से प्रेम विवाह किया था। रक्षा बंधन पर गीता अपने मायके आई थी। इसके बाद उसने अपने पति हर्ष के साथ वापस जाने से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज हर्ष गुरुवार रात गीता के मायके पहुंच गया।

मोहन ने पुलिस को बताया कि हर्ष चाकू लेकर घर पहुंचा था। उसने अपनी मां प्रभा बाई को जान से मारने की धमकी दी और उनके साथ झूमाझटकी व धक्का-मुक्की करने लगा। हर्ष ने प्रभा बाई से लगभग एक घंटे के लिए मोबाइल मांगा, लेकिन उन्होंने मोबाइल देने से इनकार कर दिया। मोबाइल नहीं मिलने पर हर्ष गाली-गलौज करने लगा।

इसी दौरान हर्ष का मोहन से भी विवाद हो गया। आरोप है कि हर्ष ने मोहन को जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ने के दौरान हर्ष ने अपने पास रखे चाकू से अपनी ही कलाई पर वार कर लिया। कलाई पर चोट लगने से वह घायल हो गया।

सूचना मिलने पर गौतम नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। मोहन की शिकायत पर पुलिस ने हर्ष मांझी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना के दौरान मौजूद लोगों के बयान दर्ज कर रही है और पूरे विवाद के कारणों की जांच की जा रही है।