BREAKING NEWS
2026-10-17

उज्जैन: रात्रि गश्त पर निकला पुलिस वाहन ट्रक से टकराया, एसआई और आरक्षक घायल

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, उज्जैन।

गुरुवार रात बड़नगर-उज्जैन रोड पर इंगोरिया थाने के पुलिसकर्मियों का शासकीय वाहन एक सड़क हादसे का शिकार हो गया। सोमनाथ ढाबे के पास आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसा और पलट गया।

Advertisement

इस हादसे में वाहन में सवार सब इंस्पेक्टर नानकराम पटेल और आरक्षक चालक दीपक सोलंकी घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

टीआई दीपेश व्यास ने बताया कि एसआई नानकराम पटेल गुरुवार रात्रि गश्त के लिए खरसोद खुर्द की तरफ गए थे। शासकीय वाहन आरक्षक चालक दीपक सोलंकी चला रहा था। वहां से इंगोरिया लौटते समय रात करीब डेढ़ बजे सोमनाथ ढाबे के पास आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। ट्रक से टक्कर बचाने के प्रयास में पुलिस वाहन चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन ट्रक में जा घुसा, जिसके बाद वाहन पलट गया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन के अगले हिस्से सहित कई हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को तत्काल इंगोरिया के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया।

एसआई नानकराम पटेल के मुंह, कंधे, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उज्जैन रेफर कर दिया गया था, जहां एक निजी अस्पताल में उनका उपचार जारी है। आरक्षक चालक दीपक सोलंकी का इंगोरिया अस्पताल में उपचार चल रहा है।

थाना प्रभारी दीपेश व्यास के अनुसार, आरोपित ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि ट्रक भी जब्त कर लिया गया है। दोनों घायल पुलिसकर्मियों की हालत ठीक बताई जा रही है।

सीहोर में मंत्री के काफिले का वाहन पलटा

सीहोर के पास मंत्री शिवराज चौहान के काफिले का पुलिस का एक वाहन पलट गया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।