बुलंद सोच, उज्जैन।

भगवान महाकालेश्वर की सोमवार को निकलने वाली राजसी सवारी के लिए पुलिस ने अभेद सुरक्षा घेरा तैयार किया है। सवारी मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में 2000 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहेंगे। भीड़ में होने वाली चोरी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 100 से अधिक जवान सादी वर्दी में तैनात किए जाएंगे। 100 से अधिक ऊंचे भवनों से पुलिसकर्मी पूरे सवारी मार्ग पर निगरानी रखेंगे। आसमान से 10 ड्रोन कैमरे और जमीन पर सीसीटीवी कैमरों के जरिये भी लगातार निगरानी की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रदीप शर्मा ने बताया कि सवारी की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए इंदौर, देवास, शाजापुर, रतलाम, मंदसौर, नीमच, दतिया और शिवपुरी से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। ड्यूटी में लगाए गए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सवारी मार्ग, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर होटल, लाज और धर्मशालाओं की भी लगातार चेकिंग की जा रही है।
राजसी सवारी में उमड़ने वाली भारी भीड़ के बीच मोबाइल, पर्स, मंगलसूत्र और चेन चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने एक विशेष टीम बनाई है। इस टीम के 100 से अधिक पुलिसकर्मी सादी वर्दी में भीड़ के बीच तैनात रहेंगे और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सवारी व्यवस्था में लगभग 100 महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
यातायात प्रबंधन एवं पार्किंग
राजसी सवारी के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था भी बदली रहेगी। यातायात पुलिस ने 20 मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित करने और आवश्यकतानुसार कुछ मार्गों को डायवर्ट करने की योजना बनाई है। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए सात स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
यातायात डीएसपी दिलीपसिंह परिहार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग बनाई गई है। भोपाल, इंदौर और देवास की ओर से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन वाकणकर पार्किंग, मन्नत गार्डन, हरिफाटक ब्रिज के नीचे और कर्कराज पार्किंग में खड़े कर सकेंगे। बड़नगर और नागदा की ओर से आने वाले श्रद्धालु कार्तिक मेला मैदान में वाहन पार्क करेंगे। मक्सी और आगर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए क्षीरसागर स्टेडियम और सामाजिक न्याय परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
प्रतिबंधित एवं आकस्मिक निकासी मार्ग
इन मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा: हरिफाटक टी से बेगमबाग की तरफ जाने वाले सभी प्रकार के वाहन। दानीगेट से रामानुज कोट तरफ जाने वाले समस्त प्रकार के वाहन। गुदरी चौराहा से कहारवाड़ी से होकर रामघाट तरफ जाने वाले वाहन। तेलीवाड़ा से कमरीमार्ग तरफ आने वाले सभी प्रकार के वाहन। निकास चौराहा से तेलीवाडा की ओर वाहन नहीं ले जा सकेंगे। क्षीरसागर से कंठाल चौराहा की ओर। बियावानी से तेलीवाड़ा की तरफ। नरेंद्र टॉकीज से कंठाल तरफ आने वाले समस्त प्रकार के वाहन। इसके अतिरिक्त, दानीगेट से रामानुज कोट तरफ, गुदरी चौराहा से कहारवाडी से होकर रामघाट, और तेलीवाड़ा से कमरी मार्ग तरफ आने वाले समस्त प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। भार्गव तिराहे से टंकी चौक तरफ, केडी गेट से कमरीमार्ग तरफ आने वाले, चक्रतीर्थ टर्निंग से दानीगेट तरफ, शंकराचार्य से दानीगेट, तोपखाने से लोहे का पुल, नलिया बाखल से बेगमबाम चौराहा, और बारह खोली से बेगमबाग की तरफ सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
आकस्मिक निकासी के लिए इन मार्गों का उपयोग किया जा सकेगा: महाकाल घाटी से हरिफाटक टी, हरिफाटक चौराहा। महाकाल घाटी से लोहे का पुल होते हुए दौलतगंज, देवासगेट। गणगौर दरवाजे से छोटी रपट होते हुए। कमरी मार्ग से केडी गेट होते हुए पत्ती बजार, जूना सोमवारिया। मुसद्दीपुरा चौराहा से डाबरी पीठा होकर नई सड़क। भगत जी चौराहे से छोटा सराफा होकर नमकमंड़ी से नई सड़क। छत्री चौक बैंक आफ इंडिया के सामने से लखेरवाड़ी होकर लोहे का पुल अथवा नमक मंड होकर नई सड़क। हरिसिद्धि पाल से हरसिद्धि तरफ। गुदरी चौराहा से कसाई बाडा बांसफोड़ की गली तरफ।

