BREAKING NEWS
2026-08-14

ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा युवक, झुलसे पिता के लिए FIR की मांग

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

हिमांशु शर्मा मंगलवार को ग्वालियर के एसपी कार्यालय की जनसुनवाई में ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर पहुंचे। वह बिजली सुधार कार्य के दौरान गंभीर रूप से झुलसे अपने पिता लाइनमैन हरिओम शर्मा को न्याय दिलाने के लिए आए थे। बेटे हिमांशु ने बताया कि हादसे को करीब चार महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह कई बार पुलिस अधिकारियों के समक्ष शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हिमांशु के अनुसार, उनके पिता गंभीर रूप से झुलसे हैं और उन्हें लगातार ऑक्सीजन की आवश्यकता पड़ रही है। इसके बावजूद परिवार को न्याय के लिए थाने और पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अब भी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वह पिता हरिओम शर्मा को ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ सीधे एसपी कार्यालय लाकर लिटा देंगे। जनसुनवाई में पहुंचने पर सुरक्षाकर्मियों ने कार्यालय के बाहर युवक से ऑक्सीजन सिलेंडर ले लिया और उन्हें जनसुनवाई में भेजा।

Advertisement

हादसे का विवरण

परिजनों के अनुसार, हरिओम शर्मा 28 अप्रैल 2026 को हजीरा थाना क्षेत्र के बिरला नगर स्थित खाटू श्याम मंदिर के पास लाइन नंबर-1 पर विद्युत सुधार कार्य के दौरान गंभीर हादसे का शिकार हुए थे। इस हादसे में वह बुरी तरह झुलस गए थे। परिवार का आरोप है कि यह हादसा बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की कथित लापरवाही तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुआ। हादसे के बाद से हरिओम शर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार ऑक्सीजन सपोर्ट की आवश्यकता है। परिवार का यह भी कहना है कि पिता के इलाज और उनकी देखभाल के साथ-साथ अब बेटे को पुलिस से एफआईआर दर्ज कराने के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।

आरोपों में घिरे अधिकारी-कर्मचारी

परिवार ने बिजली विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। इनमें एसटीएम की उपमहाप्रबंधक प्रीति बरैया, बिरला नगर जोन के प्रबंधक रोहित सिंह, एसटीसी के सहायक प्रबंधक शशांक कुलश्रेष्ठ और सब-स्टेशन ऑपरेटर मोहसिन बेग के नाम शामिल हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

एफआईआर दर्ज न होने का दावा

हिमांशु के मुताबिक, वह हजीरा थाना पुलिस और पुलिस अधिकारियों को दो बार आवेदन दे चुके हैं। इसके बावजूद मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उनका कहना है कि पिता की हालत लगातार गंभीर है और वह ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर कई अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा चुके हैं। अब वह इस मामले में जल्द कार्रवाई चाहते हैं।