बुलंद सोच, इंदौर।
_m.webp)
इंदौर जिले में अवैध शराब के विक्रय, परिवहन और संग्रहण के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है। बुधवार सुबह विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर महू गांव की सुपरसिटी कॉलोनी स्थित शांति नगर में एक बंद मकान पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान मकान नंबर 28-डी से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। इस कार्रवाई में कुल 26 पेटी शराब जब्त की गई।
जब्त की गई शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक लाख 17 हजार रुपये बताई गई है। बरामद शराब में मसाला शराब की 11 पेटी और प्लेन शराब की 15 पेटी शामिल थीं।
आबकारी विभाग को यह सूचना मिली थी कि शांति नगर स्थित बंद मकान में अवैध रूप से शराब का भंडारण किया गया है। सूचना की पुष्टि के बाद 9 सितंबर की सुबह टीम ने मकान की तलाशी ली।
बरामद शराब मध्यप्रदेश में बिक्री के लिए रखी गई थी। अधिकारियों ने मौके से शराब जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी पवन टीकेकर, निधि शर्मा और आबकारी उपनिरीक्षक जयेश वास्केल सहित टीम शामिल थी।
विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि मकान में शराब किसने और किस उद्देश्य से रखी थी, साथ ही इसका अवैध कारोबार किस नेटवर्क से जुड़ा है।
सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध शराब के संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

