बुलंद सोच, इंदौर।

मेट्रो ट्रेन का निर्माण कार्य इंदौर के एयरपोर्ट क्षेत्र में एयरपोर्ट से गांधी नगर तक जारी है। इस निर्माण के कारण पिछले तीन महीनों से इस मार्ग पर सैकड़ों वाहन चालकों को लगभग चार किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा था।
पिछले कुछ दिनों पहले इस मार्ग को आवागमन के लिए दोनों तरफ से खोल दिया गया है। इससे हजारों वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है।
मेट्रो ट्रेन निर्माण के चलते अप्रैल महीने में एयरपोर्ट से गांधी नगर तक के मार्ग को वाहन चालकों के लिए वन-वे कर दिया गया था। वन-वे होने के बावजूद दोपहिया वाहन चालक रांग साइड से आवागमन कर रहे थे, जिससे लगातार दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई थी। इस स्थिति को क्षेत्र के स्कूलों में आने-जाने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों और बीएसएफ परिसर जाने वालों के लिए अत्यंत खतरनाक बताया गया था।
एयरपोर्ट से गांधी नगर जाने वाले सैकड़ों वाहन चालकों को रोजाना बिजासन-टी और दिलीप नगर-टी होते हुए गांधी नगर की ओर जाना पड़ता था। वाहन चालकों को एयरपोर्ट से गांधी नगर पहुंचने के लिए चार किलोमीटर अतिरिक्त घूमकर जाना पड़ रहा था।
एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार कौल के अनुसार, मार्ग को वन-वे करने के बाद भी दोपहिया वाहन चालक लगातार आवागमन कर रहे थे, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। इसके बाद यातायात विभाग ने मेट्रो प्रबंधन को एक पत्र लिखकर मार्ग पर दोनों तरफ से आवागमन के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की थी।
उचित स्थान मिलने के उपरांत मार्ग को दोनों तरफ से आवागमन के लिए शुरू कर दिया गया है। इससे दुर्घटना की संभावना समाप्त हो गई है और वाहन चालकों को अब अतिरिक्त चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा है।

