BREAKING NEWS
2026-10-17

भास्कर समाधान के माध्यम से ड्रेनेज लाइन समस्या का समाधान, पार्षद संध्या यादव बनीं ‘पब्लिक स्टार’

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के अलग-अलग वार्डों से सामने आ रही जनसमस्याओं के समाधान में दैनिक भास्कर ऐप का ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इसके जरिए नागरिक अपनी समस्याएं सीधे संबंधित विभागों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा रहे हैं। शिकायत सामने आने के बाद जिम्मेदार संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे लोगों को समय पर राहत मिल रही है।

Advertisement

सफल समाधान के मामले

वार्ड 6 की पार्षद संध्या यादव ने एक शिकायत का समाधान किया। वार्ड 6 के एमजी रोड, मल्हारगंज निवासी कमलकुमार जैन ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि ड्रेनेज लाइन चोक होने के कारण नई लाइन डालने की आवश्यकता थी। शिकायत सामने आने के बाद पार्षद संध्या यादव ने मामले पर संज्ञान लिया और समस्या का समाधान कराया। उन्हें आज की ‘पब्लिक स्टार’ घोषित किया गया।

इसी कड़ी में वार्ड 39 के झलारिया रोड, नाहरशाह वाली नगर निवासी वली अहमद ने शेरशाह सूरी नगर में सड़क निर्माण न होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बारिश में विद्यार्थियों और बुजुर्गों को आने-जाने में परेशानी होती थी। शिकायत सामने आने के बाद संबंधित विभाग ने संज्ञान लिया और सड़क निर्माण का काम कराकर समस्या का समाधान किया।

लंबित जनसमस्याएं

वहीं, वार्ड 18 के शिव कंठ नगर निवासी अमन परमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि दुकान के पीछे की नाली का पानी लगातार सड़क पर बहता रहता है। इससे गंदगी और मच्छरों की समस्या बनी हुई है। शिकायतकर्ता ने नाली की मुंडेर ठीक कराने की मांग की है।

वार्ड 77 के शिवधाम कॉलोनी, लिम्बोदी निवासी नरेंद्र बिरला ने शिकायत की है कि गार्डन में पौधों की कटाई के बाद हरा कचरा कई दिनों से नहीं उठाया गया है। इससे गंदगी, बदबू और मच्छरों की समस्या उत्पन्न हो गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, कई बार जानकारी देने के बावजूद सफाई नहीं हुई है।

वार्ड 4 के द्वारकाधीश कॉलोनी निवासी अथक सांघवी ने शिकायत दर्ज कराई है कि नर्मदा लाइन के लिए लगभग एक महीने पहले की गई खुदाई का काम अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे उन्हें घर से निकलने में परेशानी हो रही है। शिकायतकर्ता ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन और पार्षद से शिकायत के बावजूद समाधान नहीं हुआ है।

वार्ड 64 निवासी राहुल ने शिकायत दर्ज कराई है कि संवाद नगर गार्डन में लंबे समय से रखरखाव नहीं हुआ है। यहां बड़ी-बड़ी घास और जंगली पौधे उग गए हैं। पेड़ों की छंटाई न होने से स्ट्रीट लाइट की रोशनी भी बाधित हो रही है।

डिजिटल प्लेटफॉर्म 'भास्कर समाधान'

दैनिक भास्कर ऐप का ‘भास्कर समाधान’ एक ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी अपने क्षेत्र की नागरिक समस्याओं को सीधे पोस्ट कर सकते हैं। ये शिकायतें संबंधित विभाग और जिम्मेदारों तक पहुंचती हैं। समस्या का समाधान होने पर उपयोगकर्ता इसकी जानकारी ऐप पर अपडेट भी कर सकते हैं। संबंधित अधिकारी शिकायत की लोकेशन देखकर मौके पर कार्रवाई कर सकते हैं और समाधान होने के बाद ऐप पर इसकी जानकारी साझा कर सकते हैं। ‘भास्कर समाधान’ का उद्देश्य जनसमस्याओं को सीधे जिम्मेदारों तक पहुंचाना है, ताकि आमजन और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद हो और समस्याओं के समाधान में तेजी आए।