बुलंद सोच, इंदौर।

दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट इंदौर के विभिन्न वार्डों से सामने आ रही जनसमस्याओं के समाधान में लगातार प्रभावी सिद्ध हो रहा है। इस मंच के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायतें सीधे जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाते हैं। शिकायत पोस्ट होने के बाद संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि संज्ञान लेकर कार्रवाई करते हैं, जिससे लोगों को समय पर राहत प्राप्त होती है।
सार्वजनिक शौचालयों की सफाई
जोन-13 के जोनल अधिकारी तन्मय सिंह चौहान को आज के ‘स्टार ऑफिसर’ के रूप में पहचान मिली है। एनआरआई कुलदीप ने ‘भास्कर समाधान’ के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी कि रीजनल पार्क और रातापानी (रालामंडल) क्षेत्र के सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति अत्यंत खराब है। उन्होंने बताया था कि शौचालयों में गंदगी फैली हुई थी, कई सुविधाएं बंद थीं और दुर्गंध के कारण उनका उपयोग करना मुश्किल हो रहा था। यह शिकायत ‘भास्कर समाधान’ पर सामने आने के उपरांत जोन-13 के जोनल अधिकारी तन्मय सिंह चौहान ने मामले का संज्ञान लिया। उनके निर्देशों पर पार्क परिसर के शौचालयों की साफ-सफाई कराई गई, आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया और परिसर की स्वच्छता में सुधार किया गया।

चेंबर की समस्या का समाधान
रमेश शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मरीमाता चौराहा स्थित लोटस शोरूम के पास सड़क पर एक चेंबर का गड्ढा था, जिससे रात के समय लोगों को दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा था। ‘भास्कर समाधान’ पर यह शिकायत प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग ने मौके पर पहुंचकर चेंबर की मरम्मत की। शिकायतकर्ता ने स्वयं इसकी पुष्टि की है कि समस्या का समाधान हो चुका है, जिससे अब राहगीरों और वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल रही है।
शहर की अन्य प्रमुख समस्याएं
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट, खुले चेंबर और बिजली व्यवस्था से संबंधित समस्याओं से लोग परेशान हैं। ईश्वर सिंह ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत की है कि शिवकांत नगर स्थित रॉयल रमन अकादमी के पास दोनों बिजली खंभों की स्ट्रीट लाइटें पिछले एक महीने से अधिक समय से बंद हैं। अंधेरे के कारण क्षेत्र के निवासियों को रात में आवागमन में कठिनाई हो रही है। प्रशांत दीवार ने शिकायत दर्ज कराई है कि भंवरकुआं चौराहा के मुख्य मार्ग पर सीवर चेंबर का ढक्कन टूटा हुआ है और चेंबर खुला पड़ा है। लगातार बारिश के कारण यह गड्ढा स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे दोपहिया, चारपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के लिए गंभीर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। संतोष यादव ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत की है कि न्यू रानी बाग स्थित अमृत पार्क सोसाइटी के पास बिजली का पैनल पिछले छह महीने से खुला हुआ है। शिकायतकर्ता के अनुसार, छोटे बच्चे वहां खेलते हैं और एक बार हादसा भी हो चुका है, इसलिए उन्होंने जल्द से जल्द गेट लगाने की मांग की है। जसप्रीत ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत दर्ज कराई है कि न्यू लोहा मंडी की मुख्य सड़क पर स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि अंधेरे के कारण क्षेत्र में चोरी और सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं, वहीं चौराहे पर ट्रकों के खड़े रहने से भी हादसों का खतरा बना रहता है।

'भास्कर समाधान' एक डिजिटल प्लेटफॉर्म
दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ देश का पहला ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी अपने क्षेत्र की नागरिक समस्याओं को सीधे पोस्ट कर सकते हैं। यह मंच आमजन और प्रशासन के बीच प्रभावी संवाद का माध्यम बन चुका है। इस एप को यूजर्स के लिए सरल बनाया गया है और इसमें कई उपयोगी फीचर्स शामिल किए गए हैं। समस्या का समाधान होने पर यूजर्स इसकी जानकारी भी एप पर अपडेट कर सकते हैं। इस प्लेटफॉर्म पर संबंधित अधिकारी भी अपनी कार्रवाई की जानकारी साझा कर सकेंगे। शिकायत सीधे संबंधित विभाग तक पहुंचती है, अधिकारी मैप पर लोकेशन देखकर मौके पर कार्रवाई कर सकते हैं। समाधान होने पर अधिकारी शिकायतकर्ता को एप के माध्यम से इसकी जानकारी भी दे सकते हैं और आवश्यकता पड़ने पर उनसे सीधे संपर्क भी कर सकते हैं। ‘भास्कर समाधान’ का मुख्य उद्देश्य शहर के हर कोने से लोगों की समस्याओं को वास्तविक समय में प्रशासन तक पहुंचाना है, ताकि आमजन और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित हो सके। यह मंच लोगों को अपनी बात सीधे जिम्मेदारों तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक प्रभावी भूमिका निभा रहा है।

