बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर नगर निगम के चुनाव अगले साल होने हैं, जिसे देखते हुए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने पार्षदों की एक बैठक ली। इस बैठक में संतोष ने पार्षदों से कहा था कि वे एक घंटे के लिए अपना मोबाइल फोन बंद कर अपने परिवार को भी समय दें। इस पर पार्षद सुरेश कुरवाड़े ने कहा कि मोबाइल बंद रखने से जनता परेशान होती है।
पार्षद कुरवाड़े की बात के दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने उनकी शादी न होने की बात छेड़ी। इस टिप्पणी पर बीएल संतोष नाराज हो गए और उन्होंने कहा, “यह बेतुकी बातें मत करो। मैंने भी शादी नहीं की है।”
संगठन महामंत्री संतोष ने पार्षदों को निर्देश दिए कि यदि उन्हें दोबारा चुनाव लड़ना है, तो अभी से मेहनत करनी होगी। उन्हें जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा और जनता के बीच अधिक समय बिताना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों से वे दूर हो चुके हैं, उनकी वजह खोजें और उनकी नाराजगी दूर करें।
संतोष ने बताया कि इंदौर नगर निगम में 25 साल से भाजपा की परिषद है। उन्होंने पार्षदों से ऐसे कामों की सूची बनाने को कहा, जो इन 25 सालों में इंदौर में नहीं हो पाए हैं, और उन्हें पूरा करने का प्रयास करें। उन्होंने पार्षदों को निष्पक्ष तरीके से काम करने पर जोर दिया।
उन्होंने आगाह किया कि यदि नियमों के कारण किसी व्यक्ति के काम नहीं हो रहे हैं, तो उन्हें इसकी जानकारी दें। उन्होंने चेताया कि यदि जनता के काम नहीं होंगे और वही काम परिचितों और समर्थकों के लिए किए जाएंगे, तो मतदाता नाराज होंगे, क्योंकि नियम सबके लिए समान होते हैं।
बैठक में 40 से अधिक पार्षद मौजूद थे। संतोष ने जेन जी (युवा पीढ़ी) को भी जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी से संवाद बढ़ाएं और उनकी मदद करें। यह बैठक लगभग एक घंटे तक चली, जिसमें पार्षदों ने संतोष से सवाल भी पूछे।

