BREAKING NEWS
2026-08-10

इंदौर में सोना 500 रुपये, चांदी 5300 रुपये प्रति किलो बढ़ी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज को लेकर तनाव फिर से बढ़ गया है। ईरान ने अमेरिकी जहाजों को वहां से गुजरने नहीं देने की बात कही है। इसके अतिरिक्त, कच्चे तेल के दाम में भी उछाल देखी जा रही है। इन परिस्थितियों के बीच, अमेरिका में जॉब डेटा में उछाल आने की उम्मीद है। इन सभी कारकों के चलते अमेरिकी डॉलर की दर पिछले कुछ दिनों से लगातार कमजोर हो रही है, जिससे निवेशकों का ध्यान करंसी मार्केट से हटकर बुलियन मार्केट की ओर जाने लगा है। इस कारण सोने और चांदी जैसे सुरक्षित संपत्तियों की कीमतों में उछाल दर्ज की गई है।

भारतीय बाजार में तेजी

भारतीय बाजार में सोने की कीमतों में लगातार तीसरे दिन तेजी देखने को मिली है। अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट में सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस शुक्रवार देर शाम तक कामेक्स पर सोना वायदा 49 डॉलर बढ़कर 4317 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी वायदा 257 सेंट बढ़कर 64.34 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई। इसके परिणामस्वरूप, भारतीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। इंदौर में सोना केडबरी 500 रुपये बढ़कर 146000 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया, जबकि चांदी चौरसा 5300 रुपये बढ़कर 230300 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।

Advertisement

ज्वेलर्स की प्रतिक्रिया और बाजार का रुख

ज्वेलर्स का कहना है कि कीमतों में चल रही तेजी के कारण बाजार में राखी पूर्व की मांग छुटपुट रूप से देखी जा रही है। ज्वेलर्स के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति, ब्याज दरों को लेकर उम्मीदें, दुनिया में बढ़ता तनाव, महंगाई और निवेशकों की मांग के साथ जब डॉलर कमजोर होता है, तो दूसरे देशों के खरीदारों के लिए सोना सस्ता हो जाता है, जिससे इसकी मांग बढ़ सकती है। ज्वेलर्स ने यह भी बताया कि वैश्विक बाजार में अनिश्चितता या सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने पर सोने की कीमतों में और तेजी देखने को मिल सकती है। कामेक्स वायदा में सोना वायदा 4317 डॉलर तक जाने के बाद ऊपर में 4320 डॉलर और नीचे में 4229 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता देखा गया। वहीं, चांदी वायदा 64.34 डॉलर तक जाने के बाद ऊपर में 64.63 डॉलर और नीचे में 61.13 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।

इंदौर के बंद भाव

इंदौर के बंद भाव के अनुसार, सोना केडबरी रवा नकद में 146000 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना आरटीजीएस में 148800 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) और सोना 22 कैरेट 136450 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) था। चांदी चौरसा 230300 रुपये प्रति किलो, चांदी आरटीजीएस 229500 रुपये प्रति किलो, चांदी टंच 231000 रुपये प्रति किलो और चांदी सिक्का 2600 रुपये प्रति नग के भाव बोले गए। गुरुवार को सोना 145500 रुपये पर बंद हुआ था। गुरुवार को चांदी 225000 रुपये पर बंद हुई थी।