बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर नगर निगम के डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कर्मचारियों ने एक महिला का सोने का मंगलसूत्र ढूंढकर उसे सुरक्षित लौटाकर ईमानदारी का उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह मंगलसूत्र गलती से कचरे के साथ चला गया था।
जोन क्रमांक 04 के सीएसआइ विजय यादव ने बताया कि वार्ड क्रमांक 12 में वाहन क्रमांक एमपी-09 डीपी-2281 से प्रतिदिन कचरा संग्रहण किया जाता है। चालक मोहित चौहान और हेल्पर हेमंत राजकुमार मिल क्षेत्र के न्यू रामनगर में कचरा एकत्र कर रहे थे।
इसी दौरान एक महिला ने अपना गीला-सूखा कचरा वाहन में दिया था। गलती से उसका सोने का मंगलसूत्र डस्टबिन में गिरकर कचरे के साथ गाड़ी में चला गया।
वाहन जब संगम नगर स्थित जीटीएस पहुंचकर कचरा खाली कर रहा था, तभी वह महिला घबराते हुए जीटीएस पहुंची। उसने कर्मचारियों को बताया कि उसका सोने का मंगलसूत्र गलती से डस्टबिन में गिर गया था और कचरे के साथ वाहन में आ गया है।
सूचना मिलते ही चालक मोहित चौहान, हेल्पर हेमंत राजकुमार और जीटीएस पर पदस्थ कर्मचारी अमर और गोविंद ने न्यू रामनगर से आए कचरे की अलग से छंटनी शुरू की। कचरे के ढेर में सावधानी से खोजबीन की गई।
आखिरकार, कर्मचारियों को महिला का सोने का मंगलसूत्र मिल गया। उन्होंने यह कीमती आभूषण सुरक्षित रूप से महिला को सौंप दिया।
अपना कीमती मंगलसूत्र वापस पाकर महिला भावुक हो गई। उसने निगम कर्मचारियों की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और तत्परता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

