बुलंद सोच, इंदौर।

मंगलवार शाम इंदौर के सदर बाजार क्षेत्र में एक बदमाश ने पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला कर दिया। घायल पुलिसकर्मी मल्हारगंज थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल पवन सिसोदिया हैं, जो टीआई का सरकारी वाहन चलाते हैं।
आरोपित की पहचान बाणगंगा निवासी शुभम जाट के रूप में हुई है। शुभम नशा करने का आदी है और उसके खिलाफ बाणगंगा समेत अन्य थानों में पहले से अपराध दर्ज हैं। वह पहले जिलाबदर भी रह चुका है।
सदर बाजार पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे भोई मोहल्ले की है। हेड कांस्टेबल पवन सिसोदिया सदर बाजार से मल्हारगंज की ओर जा रहे थे।
इमली बाजार के पास आरोपित शुभम जाट खुद पर धारदार चाकू से हमला कर रहा था। हमले से पहले आरोपित ने एक दुकानदार से चाकू लेकर उस पर हमला करने का प्रयास भी किया था।
जब पवन सिसोदिया वहां खड़े थे और उन्होंने शुभम को रोकने की कोशिश की, तो शुभम ने पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला कर दिया और उन्हें घायल कर दिया। आरोपित ने हेड कांस्टेबल पवन के हाथ, पैर और गर्दन के पीछे करीब छह से सात बार वार किए।
हमले के बाद आरोपित मौके से भागने लगा। इस हमले में हेड कांस्टेबल पवन गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपित शुभम के पेट की आंतें बाहर निकल आईं।
लोगों ने दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायल पुलिसकर्मी का शैल्बी अस्पताल में और आरोपित का एमवाय अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार, हेड कांस्टेबल पवन की हालत गंभीर बनी हुई है, हालांकि फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
सदर बाजार पुलिस मामले की जांच कर रही है।

