BREAKING NEWS

जबलपुर में साइबर ठगों ने दो युवकों से 68,489 रुपये ठगे

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर में साइबर ठगों ने शहर में युवक-युवतियों को अलग-अलग तरीके से निशाना बनाते हुए कुल 68,489 रुपये की ठगी की।

Advertisement

अधारताल थाना क्षेत्र में एक युवक को ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर 35 हजार रुपये ऐंठ लिए गए।

अधारताल पुलिस के अनुसार, अनु हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी विकास धौलपुरिया (30) निजी नौकरी करते हैं। छह अगस्त की सुबह उनके वॉट्सएप ग्रुप में ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम से संबंधित जानकारी आई, जिसके बाद विकास ने दिए गए नंबर पर संपर्क किया।

बातचीत करने वालों ने एक ई-कॉमर्स कंपनी का स्क्रीनशॉट भेजकर पहले 100 रुपये, फिर 500 रुपये जमा करने को कहा। धीरे-धीरे अलग-अलग बहाने बनाकर उनसे और रकम मांगी गई, जिसमें विकास ने कमाई की उम्मीद में कुल 35 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।

ठगी का अहसास होने पर विकास ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इधर, कोतवाली थाना क्षेत्र में दीक्षितपुरा निवासी करन कुमार जैन (34) के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 33 हजार 489 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए।

खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर करन ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर उन खातों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है, जिनमें रकम गई है।