BREAKING NEWS

जबलपुर एसपी ने साइबर फ्रॉड व ई-जीरो एफआईआर पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में राजपत्रित अधिकारियों की संभागवार समीक्षा बैठक ली। बैठक में पूर्व में अपराध समीक्षा के दौरान दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान साइबर अपराध, सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई की शिकायतों के साथ लंबित गंभीर अपराधों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली गई।

Advertisement

साइबर अपराधों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

एसपी ने साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड सहित अन्य साइबर अपराधों की थाना स्तर पर हुई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों पर शीघ्र प्रतिक्रिया और त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ित को समय रहते राहत मिल सके। साइबर मामलों में शिकायत मिलने के बाद संबंधित स्तर पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

ई-जीरो एफआईआर का शीघ्र निराकरण

एसपी ने ई-जीरो एफआईआर की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर लंबित जीरो एफआईआर की जांच जल्द पूरी कर उनका निराकरण कराया जाए। कोई भी ई-जीरो एफआईआर अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए।

सीएम हेल्पलाइन व जनसुनवाई शिकायतों की समीक्षा

बैठक में सीएम हेल्पलाइन, वरिष्ठ कार्यालयों और जनसुनवाई से प्राप्त शिकायतों की संख्या, उनके निराकरण और लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए। अन्य राज्यों से प्राप्त ऑनलाइन नोटिस का सत्यापन कर संबंधित थानों के माध्यम से उनकी तामीली सुनिश्चित करने को कहा गया।

लंबित गंभीर अपराधों पर निर्देश

एसपी ने सभी राजपत्रित अधिकारियों को अपने स्तर पर लंबित जांच जल्द पूरी करने के साथ शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। बैठक में पूर्व समीक्षा में लंबित हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, झपटमारी, नकबजनी, एससी-एसटी एक्ट, महिला संबंधी और संपत्ति संबंधी अपराधों की कार्रवाई की स्थिति भी देखी गई।

जबलपुर में वृद्ध दंपती से 22 लाख की ठगी

जबलपुर में सीबीआई अधिकारी बनकर एक वृद्ध दंपती को छह दिन तक डिजिटल अरेस्ट किया गया और उनसे 22 लाख रुपये ठगे गए।