BREAKING NEWS

जबलपुर डोमिनोज पिज्जा में नॉनवेज ओवन में पक रहा था वेज पिज्जा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री के विक्रय पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नगर निगम मजिस्ट्रेट और नगर निगम की टीम के साथ मंगलवार को जबलपुर के रसल चौक स्थित डोमिनोज पिज्जा रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। टीम ने स्टोर मैनेजर की मौजूदगी में किचन और स्टोर की जांच की, साथ ही प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस भी देखा।

Advertisement

जांच के दौरान एक ऐसी लापरवाही सामने आई, जिसने वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री तैयार करने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। रेस्टोरेंट में वेज और नॉनवेज पिज्जा के लिए अलग-अलग ओवन निर्धारित थे, लेकिन मौके पर नॉनवेज के लिए निर्धारित ओवन में वेज पिज्जा बेक होता पाया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के अनुसार, रेस्टोरेंट में पिज्जा बेक करने के लिए दो अलग-अलग खंड वाले ओवन पाए गए थे। इनमें से एक पर ‘वेज’ और दूसरे पर ‘नॉनवेज’ लिखा हुआ था। निरीक्षण के दौरान, नॉनवेज के लिए निर्धारित ओवन में वेज पिज्जा बेक किया जा रहा था, जिससे विभिन्न खाद्य सामग्री तैयार करने के लिए निर्धारित उपकरणों के इस्तेमाल को लेकर यह स्थिति जांच का विषय बन गई है।

खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके से खाद्य सामग्री के नमूने भी लिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रतिष्ठान से बेक स्प्रिंकलर और चीज के नमूने संग्रहित किए गए हैं। इन नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा।