बुलंद सोच, भोपाल।

राजधानी भोपाल में राजस्व निरीक्षक संवर्ग की पदोन्नति का मुद्दा एक बार फिर सामने आया है। मध्य प्रदेश राजस्व निरीक्षक संघ, जिला भोपाल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा को पत्र भेजकर नायब तहसीलदार के रिक्त पदों पर राजस्व निरीक्षकों को पदोन्नति देने की मांग की है।
संघ का कहना है कि लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे राजस्व निरीक्षकों को अवसर मिलने से उनका मनोबल बढ़ेगा। इसके साथ ही प्रशासन पर अतिरिक्त वित्तीय भार भी न्यूनतम रहेगा।
संघ के जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव और संगठन मंत्री विवेक पंचोरे सहित अन्य सदस्यों ने ज्ञापन के माध्यम से नायब तहसीलदार के रिक्त पदों को राजस्व निरीक्षक संवर्ग की पदोन्नति से भरने की मांग की है।
मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री और कलेक्टर भोपाल को संबोधित पत्र में संघ ने कहा है कि वर्तमान में नायब तहसीलदार के स्वीकृत पदों में सीमित भर्ती परीक्षा के माध्यम से होने वाली नियुक्तियों के अलावा बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं।
वहीं, राजस्व निरीक्षक संवर्ग में भी बड़ी संख्या में कर्मचारी पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
नायब तहसीलदार के स्वीकृत पदों में से करीब 38 पद सीमित भर्ती परीक्षा से और 22 पद राजस्व निरीक्षक से पदोन्नति के लिए निर्धारित हैं।
इसके अतिरिक्त, नायब तहसीलदार के 69 पद सीधी भर्ती से संबंधित हैं और 43 पद राजस्व निरीक्षकों की पदोन्नति से संबंधित हैं।
संघ का दावा है कि इस व्यवस्था में बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं, जबकि राजस्व निरीक्षक संवर्ग में पर्याप्त कर्मचारी उपलब्ध हैं।

