बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर कार्रवाई करते हुए चोरी के पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हनुमानताल और अधारताल थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की तीन वारदातों का पर्दाफाश किया है। आरोपितों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, एलइडी टीवी, घड़ियां एवं वारदात में प्रयुक्त कटर, राड और पेचकस सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
अधारताल थाना क्षेत्र की वारदातें
अधारताल थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा किया गया है। यह घटनाएं केशर विहार कॉलोनी में मृगेंद्र सिंह के मकान और न्यूरामनगर स्थित नवीन पटेल के मकान में हुई थीं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अमखेरा के राजुल ड्रीम सिटी के आगे निवासी गौरव चौधरी (20), अमखेरा राम मंदिर टंकी के पास निवासी सोहेल उर्फ शनि चौधरी (19) और मालगुजार परिसर के सामने वाली गली निवासी उमेश चौधरी उर्फ गुल्लर (34) को गिरफ्तार किया। आरोपितों की निशानदेही पर दोनों वारदातों में चुराए गए सोने-चांदी के जेवर, चार एलइडी टीवी, घड़ियां एवं वारदात में प्रयुक्त कटर, राड और पेचकस बरामद किए गए।
हनुमानताल थाना क्षेत्र की वारदात
हनुमानताल थाना क्षेत्र में पंचकुईया निवासी मोहम्मद गुलाम परिवार के साथ परिचित के यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान उनके सूने मकान का ताला तोड़कर चोर सोने-चांदी के जेवर, 30 हजार रुपये नकद तथा जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गए। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर झिरिया निवासी मोहम्मद इजहार अंी (22) और बड़ा मदार छल्ला के काजी मोहल्ला निवासी अरशद कुरैशी (24) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनके कब्जे से सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, झाले, लाकेट तथा चांदी की पायल, कड़े और अंगूठी बरामद कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

