बुलंद सोच, जबलपुर।
जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र के त्रिमूर्ति नगर स्थित कृष्णा कॉलोनी में बुधवार देर शाम एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान माढ़ोताल के करमेता निवासी 30 वर्षीय यशवंत राजपूत के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था।
यशवंत राजपूत बुधवार शाम किसी काम से कृष्णा कॉलोनी गया था, जहां उसका कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दो युवकों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ पांच से छह वार किए।
गंभीर रूप से घायल यशवंत मौके पर ही गिर पड़ा और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई। हमले के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खून से लथपथ शव देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया तो पाया कि घटनास्थल सुनसान क्षेत्र में है। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन आरोपितों के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली।
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल की मरचुरी में रखवाया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि मृतक यशवंत के खिलाफ माढ़ोताल थाने में चार से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस उसकी पुरानी रंजिश, आपराधिक गतिविधियों और हाल के विवादों की भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों का जल्द खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

