BREAKING NEWS
2026-08-12

सांसद जनार्दन मिश्रा ने एथेनॉल विरोधियों पर की तीखी टिप्पणी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, रीवा।

मध्य प्रदेश के रीवा एयरपोर्ट पर रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद जनार्दन मिश्रा ने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का विरोध करने वालों पर निशाना साधा।

Advertisement

सांसद मिश्रा ने तीखा जवाब देते हुए कहा, “आंदोलन हो रहा है कि एथेनॉल नहीं चलेगा, शुद्ध पेट्रोल-डीजल चलेगा। लेकिन हम 80 प्रतिशत तेल विदेश से मंगाते हैं, हमारे देश में शुद्ध पेट्रोल है ही नहीं, तो शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा? शुद्ध पेट्रोल है ही नहीं देश में तो कहां से आएगा?”

सांसद मिश्रा रीवा से भोपाल और कोलकाता के लिए शुरू हुई नई उड़ानों के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति और एथेनॉल नीति पर अपनी बात बघेली बोली में रखी।

एथेनॉल मिश्रण का समर्थन और वैश्विक स्थिति

सांसद ने एथेनॉल मिश्रण का समर्थन करते हुए बताया कि भारत में केवल 20 प्रतिशत कच्चे तेल का उत्पादन होता है, जबकि 80 प्रतिशत तेल विदेश से आयात करना पड़ता है।

उन्होंने वैश्विक युद्ध की स्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि तेल आपूर्ति के लिए जहाजों को अब 18 हजार किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है।

सांसद मिश्रा ने टिप्पणी की कि ऐसे में जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाने की बात करते हैं, तो कुछ लोग इसके विरोध में आंदोलन करने लगते हैं।

उन्होंने दुनिया के दूसरे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि ब्राजील दुनिया में सबसे ज्यादा एथेनॉल बनाता है। वहां 100 प्रतिशत एथेनॉल से गाड़ियां चल रही हैं, फिर भी वाहनों में कोई समस्या नहीं आती।

सांसद ने आगे कहा कि भारत में भी ऑटोमोबाइल विशेषज्ञ और कार मैकेनिक मानते हैं कि एथेनॉल से गाड़ियों के इंजन को नुकसान नहीं पहुंचता, फिर भी इसका बेवजह विरोध किया जा रहा है।

सांसद मिश्रा ने यह भी कहा कि हिंदुस्तान में आज सबसे अधिक रोजगार और सबसे कम महंगाई दर है। उन्होंने सभी से विरोध करने के बजाय सरकार की विकास नीतियों का समर्थन करने का आग्रह किया।

सांसद की पूर्व विवादित टिप्पणियां

यह उल्लेखनीय है कि रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा इससे पहले भी विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं।

उन्होंने एक बार मोबाइल की लत पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि 60 साल बाद पति-पत्नी के रिश्ते इस हद तक मोबाइल पर केंद्रित हो जाएंगे कि बच्चे भी ऑनलाइन पैदा होंगे, और ये बच्चे स्टील के होंगे या फिर मांस और हड्डी के।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दाढ़ी पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा था कि मोदी की दाढ़ी में घर ही घर हैं, एक बार हिलाते हैं तो 50 लाख, दूसरी बार में एक करोड़। उन्होंने कहा था कि जितनी बार हिलाएंगे घर ही घर मिलेंगे, इसलिए आप लोग मोदी की दाढ़ी देखो, जब देखना बंद कर दोगे तो आवास मिलने भी बंद हो जाएंगे, जब तक मोदी की दाढ़ी रहेगी, आवास मिलता रहेगा।

एक अन्य विवादित टिप्पणी में सांसद ने कहा था कि 1947 में बंटवारे के समय जो मुसलमान पाकिस्तान नहीं गए, वे अब भारत में परेशानी पैदा कर रहे हैं।