BREAKING NEWS

कटनी में CJP प्रोटेस्ट में शामिल सरकारी शिक्षक पर FIR, गिरफ्तार कर जेल भेजा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, कटनी।

मध्य प्रदेश के कटनी जिले के फारेस्टर ग्राउंड में 25 जुलाई को काकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में शामिल हुए शिक्षक वरुण नायक के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शनिवार को आरोपित शिक्षक को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। शिक्षक पर प्राचार्य और महिला शिक्षक के साथ मारपीट, विवाद करने, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने तथा शिक्षा विभाग की कथित कमियों को सार्वजनिक रूप से उजागर करने से जुड़े आरोप लगाए गए हैं।

Advertisement

वीडियो जारी कर सरकार को चुनौती

बिलहरी गांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक वरुण नायक ने सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होने के बाद एक वीडियो जारी किया था। वीडियो में उन्होंने कहा था कि सरकार चाहे तो उन्हें निलंबित कर दे। उन्होंने अपने स्कूल से लेकर तहसील और जिले तक के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और नकल फिक्स होने के आरोप भी लगाए थे। इस बयान के बाद शिक्षा विभाग सक्रिय हुआ और जिला शिक्षा अधिकारी ने 28 जुलाई को उनके निलंबन का आदेश जारी कर दिया।

स्कूल में विवाद और मारपीट के आरोप

पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई की सुबह वरुण नायक बिलहरी स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने अपना निलंबन आदेश फाड़ दिया। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने प्रभारी प्राचार्य देवेंद्र कुमार तिवारी के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा, शिक्षक रेखा तिवारी पर निलंबन के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाते हुए उनके बाल पकड़कर घसीटा, थप्पड़ मारा और जमीन पर गिरा दिया।

पुलिस से हाथापाई का आरोप

घटना की सूचना मिलने पर बिलहरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि शिक्षक ने पुलिसकर्मियों के साथ भी विवाद और हाथापाई की। इसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की। शिक्षक वरुण नायक का कहना है कि शिक्षा नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उनके खिलाफ द्वेषपूर्ण कार्रवाई की गई है।