बुलंद सोच, इंदौर।
राजस्थान के जैसलमेर क्षेत्र में गुरुवार की रात हुई एक सड़क दुर्घटना में 31 वर्षीय मेजर हमजा आरिफ का निधन हो गया। मेजर आरिफ इंदौर के राजेंद्र नगर क्षेत्र के निवासी थे। वे अपने साथी सैन्य कर्मियों के साथ सेना के वाहन से ड्यूटी से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनका वाहन सड़क से गुजर रहे एक ऊंट से टकराकर पलट गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। वे विगत नौ वर्षों से सेना में देश की सेवा कर रहे थे।
पारिवारिक पृष्ठभूमि और शोक
मेजर हमजा आरिफ के परिवार में उनके माता-पिता और तीन बहनें हैं। उनके पिता आरआर कैट से सेवानिवृत्त होकर राजेंद्र नगर क्षेत्र में निवास करते हैं। मेजर आरिफ का विवाह एक माह पूर्व ही धूमधाम से हुआ था। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार के साथ-साथ उनके निवास क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। जान-पहचान वालों का कहना है कि कोई भी इस घटना को समझ नहीं पा रहा है। मेजर हमजा आरिफ के माता-पिता जवान बेटे को खोने के दर्द को शब्दों में बयां नहीं कर पा रहे हैं।
अंतिम संस्कार की जानकारी
मेजर हमजा आरिफ का पार्थिव शरीर शनिवार देर रात महू के मिलिट्री अस्पताल लाया गया, जहां उसे मॉर्च्युरी में रखा गया है। रविवार सुबह नौ बजे महू से इंदौर के सैफी नगर में जनाजे की नमाज अदा की जाएगी। समाज के मीडिया प्रभारी मज़हर हुसैन सेठजी वाला और सदस्य बुरहानुद्दीन शकरुवाला ने बताया कि नमाज के बाद पार्थिव शरीर को सेना के वाहन से सैफी नगर से निकालकर माणिकबाग पुल, कलेक्टर चौराहा, राजबाड़ा होते हुए सदर बाजार रोड स्थित इमली बाजार कब्रिस्तान ले जाया जाएगा। यहां मेजर हमजा आरिफ को राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्दे खाक किया जाएगा।

