बुलंद सोच, देवास।
केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री तथा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को देवास पहुंचे। उन्होंने यहां जिला निगरानी व समन्वय समिति दिशा की बैठक में भाग लिया।
शहर में करीब दो किलोमीटर लंबे मार्ग पर 50 से अधिक स्वागत मंचों से उनका अभिनंदन किया गया।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में प्रदेश की राजनीति में फिर से आने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकता केवल जनता की सेवा और देश के विकास के लिए कार्य करना है।
चौहान ने देवास जिले के लिए कृषि रोडमैप बनाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत के कृषि वैज्ञानिकों के सहयोग से यहां की मिट्टी, तत्व, जलवायु और पानी की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए आदर्श कृषि तथा किसानों की आय बढ़ाने का रोडमैप तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि फसलों के साथ हार्टिकल्चर पर भी काम किया जाएगा। देवास जिले में 35 हजार ‘लखपति दीदीयां’ हैं, और इस संख्या को दोगुना करने का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक में सिंचाई योजना की समीक्षा भी की गई। जलप्रदाय योजना में जनप्रतिनिधियों द्वारा बताई गई कमियों पर भी चर्चा की गई।
जिले को कुपोषण से मुक्त करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इसी दौरान एक स्वागत मंच पर भाजपा कार्यकर्ता सद्दाम पठान ने 48 हजार रुपये चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उनकी जेब कटने की बात कही गई।

