बुलंद सोच, रतलाम।

रतलाम। नगर के 46 वर्षीय सराफा व्यापारी रवि मोठिया की मंगलवार देर रात सैलाना रोड स्थित प्रेम वाटिका होटल के एक कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटनास्थल से विषैले पदार्थ के चार खाली पाउच मिलने के बाद शुरुआती जांच में जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
जानकारी के अनुसार, रवि मोठिया मंगलवार शाम को घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। उनके स्वजन ने तलाश शुरू की तो उनकी कार प्रेम वाटिका होटल के बाहर खड़ी मिली।
सूचना मिलने पर सैलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। होटल का कमरा अंदर से बंद था, जिसे होटल प्रबंधन की मदद से खुलवाया गया। अंदर रवि मोठिया अचेत अवस्था में मिले।
पुलिस ने तत्काल एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को विषैले पदार्थ के चार खाली पाउच मिले।
कमरे में उल्टी के निशान भी मिले और बिस्तर भी गंदा था। पुलिस ने मौके की इन परिस्थितियों को जांच का हिस्सा बनाया है।
जांच के दौरान कमरे से एक कागज भी मिला है, जिस पर कुछ लिखा हुआ बताया जा रहा है। हालांकि, उल्टी लगने से वह पूरी तरह भीगकर खराब हो गया था।
पुलिस ने वह कागज जब्त कर लिया है और उसे सुरक्षित तरीके से संरक्षित कर उस पर लिखी सामग्री पढ़ने का प्रयास किया जाएगा। यदि उसमें घटना से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण जानकारी होगी, तो वह जांच में मदद कर सकती है।
रवि मोठिया चांदनी चौक में महावीर ज्वेलर्स के नाम से आभूषण व्यवसाय संचालित करते थे। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी और दो बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार शोक में है।
सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। होटल के सीसीटीवी फुटेज, होटल रजिस्टर, व्यापारी की गतिविधियों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

