BREAKING NEWS
2026-11-16

देवास शराब कांड: कांग्रेस नेता आनंद कासलीवाल गिरफ्तार, न्यायालय पेशी के दौरान बिगड़ी तबीयत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, देवास।

देवास के बहुचर्चित चंदाना केमिकलयुक्त शराब मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता आनंद कासलीवाल को गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisement

इस मामले में पुलिस पूर्व में आनंद कासलीवाल के पुत्र अमन कासलीवाल को जहरीला केमिकल (मेथनॉल) बेचने के संदेह और साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर चुकी है।

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस आनंद कासलीवाल को न्यायालय में पेशी के लिए ले गई, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें तत्काल देवास जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पुलिस की पड़ताल अब अवैध केमिकल नेटवर्क की जड़ों तक पहुंच गई है और सघन पूछताछ तथा कार्रवाई की कड़ी में अब तक कुल 11 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

मामले में कोतवाली पुलिस ने इंदौर निवासी अमन (पिता आनंद कासलीवाल) को प्रकरण में आरोपित बनाकर पूर्व में ही गिरफ्तार किया था, जांच में सामने आया था कि अमन ने अवैध व केमिकलयुक्त शराब बनाने वाले गिरोह को घातक केमिकल बेचा था।

इस संवेदनशील मामले की शुरुआत 15 और 18 अक्टूबर को क्षेत्र में हुई दो संदिग्ध मौतों की मर्ग जांच से हुई थी, जांच के दौरान मृतकों के परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने चंदाना निवासी विनोद जायसवाल द्वारा अवैध शराब बेचे जाने की अहम जानकारी पुलिस को दी थी।

मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 26 अक्टूबर को पुलिस ने प्रतापनगर-अंबेडकर नगर नाकाबंदी के दौरान मुख्य आरोपित विनोद जायसवाल, अजय राठौर और रामेश्वर सोनगरा को धर दबोचा था, तलाशी लेने पर आरोपितों की कार की डिक्की से छह पेटी अवैध शराब बरामद की गई थी।

क्षेत्र में इस बात की प्रबल आशंका और चर्चा है कि चंदाना में हुई मौतें इसी घातक केमिकलयुक्त शराब के सेवन के कारण हुई थीं।