देवास के बहुचर्चित चंदाना केमिकलयुक्त शराब मामले में कांग्रेस नेता आनंद कासलीवाल को गिरफ्तार किया गया है। न्यायालय में पेशी के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें देवास जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पूर्व में आनंद कासलीवाल के पुत्र अमन कासलीवाल को जहरीला केमिकल (मेथनॉल) बेचने के संदेह में गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि अमन ने अवैध शराब बनाने वाले गिरोह को घातक केमिकल बेचा था। इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसकी शुरुआत 15 और 18 अक्टूबर को हुई दो संदिग्ध मौतों की जांच से हुई थी।