बुलंद सोच, इंदौर।
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) रविवार 2 अगस्त को विभिन्न विभागों में भर्ती के लिए परीक्षाएं आयोजित करने जा रहा है। इसमें सहायक प्राध्यापक भर्ती-2025 का दूसरा चरण तथा सहायक संचालक और पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ पदों की लिखित परीक्षा शामिल है। कुल 497 पदों के लिए आयोग ने 51 परीक्षा केंद्र बनाए हैं।
परीक्षा में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने हेतु सभी केंद्रों पर ऑब्जर्वर तैनात किए जाएंगे, जो पूरी प्रक्रिया पर निगरानी रखेंगे। आयोग ने इस बार परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए त्रिस्तरीय जांच व्यवस्था लागू की है।
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी, साथ ही बायोमेट्रिक सत्यापन, प्रवेश पत्र की स्कैनिंग और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) से जांच भी होगी। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। प्रवेश से पूर्व हर अभ्यर्थी की पूर्ण जांच की जाएगी और केंद्र के बाहर अनुमत एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची भी प्रदर्शित की जाएगी।
सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा
सहायक प्राध्यापक भर्ती के दूसरे चरण में छह विषय शामिल किए गए हैं। इनमें हिन्दी के 57 पद, अंग्रेजी के 56 पद, वाणिज्य के 88 पद, समाजशास्त्र के 71 पद, राजनीतिशास्त्र के 73 पद और अर्थशास्त्र के 72 पद हैं। इस प्रकार कुल 417 पदों पर भर्ती होगी।
इन 417 पदों के लिए 20 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। पहले सत्र में सुबह 10 बजे से 11 बजे तक सामान्य अध्ययन (जनरल स्टडीज) का पेपर होगा। इसके उपरांत दूसरे सत्र में दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक संबंधित विषय की परीक्षा ली जाएगी।
भोपाल और इंदौर सहित सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
सहायक संचालक और पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ परीक्षा
सहायक संचालक और पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ के 80 रिक्त पद रखे गए हैं। इनमें 22 पद सामान्य वर्ग के लिए, 13 अनुसूचित जाति के लिए, 16 अनुसूचित जनजाति के लिए, 21 अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए और 8 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित हैं।
इस परीक्षा के लिए 700 से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यह परीक्षा केवल इंदौर के केंद्रों पर ऑफलाइन माध्यम से आयोजित होगी। इसमें अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट पर काले या नीले बॉल पेन से उत्तर भरने होंगे।
अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम एक घंटे पहले पहुंचना आवश्यक है। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ पहचान पत्र, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे वैध फोटो पहचान पत्र साथ रखना होगा।
ओएमआर शीट केवल काले या नीले बॉल पेन से ही भरनी होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र पर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
परीक्षा केंद्र पर निर्धारित ड्रेस कोड और आयोग के सभी निर्देशों का पालन करना अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य होगा।
