बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर में रोजी-रोटी कमाने आए ललितपुर निवासी तेजसिंह पुत्र प्यारलाल की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। यह घटना हीरा नगर पुलिस थाना क्षेत्र में खाटू श्याम मंदिर के समीप रविवार रात एक बजे हुई, जब तेजसिंह भजन सुनकर अपने घर लौट रहा था।
पुलिस के अनुसार, गाड़ी टकराने की बात पर आरोपियों ने तेजसिंह से विवाद किया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तेजसिंह को अरबिंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार रात उसने दम तोड़ दिया।
तेजसिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के ललितपुर का निवासी था। वह अपनी पत्नी और पांच महीने के बेटे के साथ काम की तलाश में इंदौर आया था और एक रेस्त्रां में काम करता था।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय रहवासियों की मदद से चार आरोपियों, विशाल, कल्ला उर्फ हंसराज, नवरतन उर्फ गब्बू और देवराम की पहचान की। हालांकि, पुलिस वारदात के बाद भी इन आरोपियों को पकड़ नहीं पाई। बुधवार को चारों आरोपियों ने कोर्ट के समक्ष सरेंडर कर दिया।
टी.आई. सुशील पटेल के अनुसार, सभी आरोपी कबीटखेड़ी क्षेत्र के रहने वाले हैं और आपस में रिश्तेदार हैं।
तेजसिंह की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिसके चलते वह काम के लिए इंदौर आया था। उसकी मौत के बाद उसके पांच महीने के बच्चे से पिता का साया उठ गया है।
तेजसिंह की मौत के बाद क्षेत्र के रहवासियों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी कई अपराध हो चुके हैं और वे शराबी तथा ड्रग्स का नशा करने वालों से परेशान हैं।

