बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर में गणेश उत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को नगर निगम महापौर के सभाकक्ष में सामान्य प्रशासन विभाग और श्री गणेश उत्सव समिति की एक बैठक आयोजित की गई। समिति प्रभारी नंदकिशोर पहाड़िया ने बैठक की अध्यक्षता की।
इस बैठक में गणेश स्थापना से लेकर अनंत चतुर्दशी के चल समारोह तक की सभी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
समिति ने निर्णय लिया कि प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी राजबाड़ा से निगम प्रांगण तक गणेश प्रतिमा के साथ जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस को आकर्षक बनाने के लिए आकर्षक झांकी, बैंड-बाजे और आर्केस्ट्रा की व्यवस्था को लेकर सुझाव मांगे गए।
समिति प्रभारी पहाड़िया ने बताया कि निगम प्रांगण में गणेश उत्सव के दौरान प्रतिदिन पूजा और आरती की व्यवस्था की जाएगी। सदस्यों ने झांकी निर्माण तथा अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाले चल समारोह में निगम की झांकी के साथ की जाने वाली व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श किया।
बैठक में निगम प्रांगण में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। समिति सदस्यों ने उत्सव को और अधिक बेहतर एवं आकर्षक बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
इसके अतिरिक्त, नगर निगम कर्मचारियों के बच्चों द्वारा परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सम्मान समारोह आयोजित करने पर भी विचार किया गया।
इस बैठक में पार्षद भावना चौधरी, संगीता महेश जोशी, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, सचिव राजेंद्र गैरोठिया, अधीक्षक प्रदीप दुबे सहित कर्मचारी यूनियन के महेश गौहर, बाबूलाल सिरसिया और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

