इंदौर में गणेश उत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को नगर निगम महापौर के सभाकक्ष में सामान्य प्रशासन विभाग और श्री गणेश उत्सव समिति की बैठक हुई। समिति प्रभारी नंदकिशोर पहाड़िया की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में गणेश स्थापना से लेकर अनंत चतुर्दशी के चल समारोह तक की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। समिति ने राजबाड़ा से निगम प्रांगण तक गणेश प्रतिमा के साथ जुलूस निकालने का निर्णय लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नगर निगम कर्मचारियों के मेधावी बच्चों के सम्मान समारोह पर भी विचार किया गया।
इंदौर में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को आदिवासी समाज द्वारा विशाल जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस सुबह 6 बजे से लालबाग परिसर से टंट्या मामा भील चौराहा तक जाएगा। इसके चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा, जो कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा। यातायात पुलिस ने एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को निर्धारित समय से पहले निकलने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है। केसरबाग ब्रिज और राऊजी बाजार में चल रहे निर्माण कार्यों से भी यातायात प्रभावित रहेगा।