BREAKING NEWS
2026-08-17

भोपाल में नर्सिंग छात्रों का प्रदर्शन उग्र, तीन छात्र बिल्डिंग पर चढ़े

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल में नर्सिंग छात्रों का अपनी मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन बुधवार को तनावपूर्ण हो गया। नर्सिंग काउंसिल के सामने प्रदर्शन के दौरान तीन छात्र पास की एक खाली बिल्डिंग पर चढ़ गए। छात्रों की मांग थी कि नर्सिंग पाठ्यक्रमों के लंबित रिजल्ट तत्काल जारी किए जाएं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

Advertisement

अनिश्चितकालीन धरना और भविष्य की चिंता

नर्सिंग छात्रों के संगठन एनएसओ ने विभिन्न मांगों को लेकर आठ अगस्त से नर्सिंग काउंसिल भोपाल के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। बुधवार को भी बड़ी संख्या में छात्र धरने में शामिल हुए। छात्रों का कहना है कि लंबे समय से परीक्षा और रिजल्ट में देरी के कारण उनका शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है और भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

छात्रों की प्रमुख मांगें

छात्रों की प्रमुख मांगों में सभी जीएनएम और बीएससी नर्सिंग छात्रों के लंबित रिजल्ट जारी करने तथा आगामी परीक्षाएं समय पर कराने की मांग शामिल है। इसके साथ ही एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग और पैरामेडिकल विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने की मांग की गई है। ईडब्ल्यूएस वर्ग के विद्यार्थियों के लिए भी छात्रवृत्ति योजना शुरू करने की मांग है।

छात्र नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेजों को क्षेत्रीय विश्वविद्यालयों से हटाकर दोबारा मेडिकल यूनिवर्सिटी जबलपुर से जोड़ने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा नर्सिंग शिक्षा में भ्रष्टाचार खत्म करने और फैकल्टी मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने की मांग भी उठाई गई है।

भूख हड़ताल और इस्तीफे की मांग

संगठन ने आंदोलन में भूख हड़ताल को भी शामिल किया है। छात्रों ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और रजिस्ट्रार के इस्तीफे की मांग भी पोस्टर के माध्यम से उठाई है। छात्र नेताओं का कहना है कि जब तक लंबित मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।