BREAKING NEWS
2026-08-17

भोपाल: ढाबा संचालक के घर पलंग के नीचे भूमिगत चैंबर से 55 लीटर अवैध शराब जब्त, तीन गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

शहर की सीमाओं से लगे इलाकों में ढाबों, होटलों और रेस्टोरेंट में अवैध रूप से शराब परोसी जा रही है। इसके लिए संचालक अवैध शराब रखने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं।

Advertisement

जिला आबकारी टीम ने मंगलवार को एक कार्रवाई के दौरान इसका खुलासा किया। एक ढाबा संचालक ने अपने घर में भूमिगत चैंबर और फ्रिज में अवैध शराब छिपा रखी थी।

टीम ने इस अवैध शराब को बरामद करते हुए महिला सहित तीन आरोपियों पर मामला दर्ज किया है। कुल 55 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसमें दो पेटी प्लेन, एक पेटी मसाला, दो पेटी बीयर, एक पेटी केन बीयर और अंग्रेजी शराब के पांच पाव शामिल हैं।

जिला आबकारी टीम द्वारा अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को मुखबिर ने सूचना दी थी कि ढाबा संचालक सहित कुछ लोग बड़े स्तर पर अवैध शराब का भंडारण व विक्रय कर रहे हैं।

जानकारी मिलते ही टीम ने भीम नगर, कटारा हिल्स, सांची मिल्क पार्लर लहरपुरा, झागरिया, सूर्या ढाबा और मित्रा ढाबा सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश दी।

इस दौरान टीम ने झगरिया खुर्द की रहने वाली रानी बाई लौवंशी, सूर्या ढाबा संचालक नितेश त्यागी और बबलू डोंगरे के ठिकानों की तलाशी ली। तलाशी में ढाबा संचालक ने पलंग के नीचे बनाए गए भूमिगत चैंबर और फ्रिज के अंदर अवैध शराब छिपा रखी थी।

सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।