बुलंद सोच, कटनी।

शुक्रवार को कटनी के पीएम श्री एकीकृत शासकीय हाई स्कूल कुआं में एक अलग नजारा देखने को मिला। यहां जिले के दो वरिष्ठ अधिकारी, कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, अचानक शिक्षक की भूमिका में नजर आए। अधिकारियों को अपने बीच शिक्षक के रूप में देखकर विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह और जिज्ञासा स्पष्ट दिखाई दी।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए हिंदी और अंग्रेजी विषय के पाठ पढ़ाए। उन्होंने कक्षा 9वीं में हिंदी विषय की कहानी ‘हार की जीत’ को बेहद सहज और संवादात्मक अंदाज में समझाया।
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को अंग्रेजी विषय के अध्याय-3 का पाठ पढ़ाया। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ के विषय और घटनाक्रम को सरल तरीके से समझाया तथा बीच-बीच में सवाल पूछकर उनकी समझ को परखा। एसपी विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए और उन्हें आत्मविश्वास के साथ पढ़ने तथा अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधीक्षक को अपने बीच शिक्षक की भूमिका में देखकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांच
कलेक्टर और एसपी ने मध्याह्न भोजन का स्वाद भी चखा। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए तैयार चना, आलू की सब्जी, दाल और रोटी स्वयं चखकर भोजन की गुणवत्ता परखी। भोजन ताजा, स्वादिष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण पाया गया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को प्रतिदिन स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराए जाने तथा भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
छात्रों का प्रोत्साहन
कक्षा में पढ़ाई के साथ माहौल में अपनापन भी देखने को मिला। सवालों के सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने मिठाई देकर प्रोत्साहित किया। छात्रों को केला और बिस्किट भी वितरित किए गए। सही जवाब पर मिली यह छोटी-सी मिठास विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशी बन गई। बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और कक्षा में बढ़ता उत्साह यह बता रहा था कि जब पढ़ाई संवाद, प्रोत्साहन और अपनत्व के साथ होती है, तो सीखना और भी आनंददायक बन जाता है।
अन्य अधिकारियों की उपस्थिति
इस मौके पर वन मंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर और एसडीएम विवेक गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

