बुलंद सोच, भोपाल।

पश्चिम मध्य रेलवे ट्रेनों के सुरक्षित और सुचारु संचालन के साथ-साथ यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नौ प्रकार की आवश्यक सामग्री खरीदेगा। इन सामग्रियों का उपयोग सिग्नलिंग, संचार, कोच और इंजन के रखरखाव तथा टिकट व्यवस्था में किया जाएगा। इससे रेलवे की तकनीकी व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सिग्नलिंग और संचार व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण
रेलवे 3000 किलोमीटर पीवीसी इंसुलेटेड आर्मर्ड सिग्नलिंग केबल खरीदेगा। इसका उपयोग सिग्नलिंग व्यवस्था को मजबूत करने में किया जाएगा, जिससे ट्रेनों के सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन में सहायता मिलेगी। इसके अतिरिक्त, रेलवे 2000 किलोमीटर टेलीकॉम क्वाड केबल भी खरीदेगा। इस केबल का उपयोग संचार व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किया जाएगा, जिससे ट्रेन संचालन के दौरान सूचनाओं के आदान-प्रदान और समन्वय में सुधार होगा।
यात्रियों के लिए सीट कवर में बदलाव
यात्रियों से संबंधित खरीद में 95,735 मीटर विनाइल कोटेड अपहोल्स्ट्री फैब्रिक शामिल है। इस फैब्रिक का उपयोग नॉन-एसी कोचों की सीटों के पुराने कवर बदलने में किया जाएगा। नए कवर लगने से कोचों में सीटों की स्थिति बेहतर होगी और यात्रियों को साफ-सुथरी सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
टिकट व्यवस्था में सुधार
टिकट व्यवस्था के लिए रेलवे 1.11 लाख यूटीएस थर्मल पेपर रोल खरीदेगा। इन रोल्स का इस्तेमाल टिकट काउंटरों पर टिकट प्रिंट करने में किया जाएगा। पर्याप्त पेपर की उपलब्धता से टिकट जारी करने की प्रक्रिया अप्रभावित रहेगी।
कोच और इंजन रखरखाव सामग्री
रेलवे 1096 बोगी सेंटर पिवोट बॉटम, 678 इंजन एयर फिल्टर, 7850 किलोग्राम वेल्डिंग इलेक्ट्रोड और 3500 लैंप हाउसिंग भी खरीदेगा। इन सामग्रियों का उपयोग कोच और इंजन के रखरखाव में किया जाएगा। इससे ट्रेनों को बेहतर परिचालन स्थिति में बनाए रखने में सहायता मिलेगी।

