BREAKING NEWS
2026-08-14

खजराना गणेश मंदिर की दान पेटियों से 41 लाख रुपए प्राप्त, दो दिन में कुल 72 लाख की गिनती

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर शहर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर की 10 दान पेटियां लगभग साढ़े तीन महीने बाद सोमवार को खोली गईं। मंगलवार को दूसरे दिन दान पेटियों से 41 लाख रुपए की राशि प्राप्त हुई। यह राशि मंदिर के अधिकृत बैंक खाते में जमा करा दी गई। सोमवार को बड़े नोटों की गणना में करीब 31 लाख रुपए की दान राशि निकली थी। इस प्रकार, 17 पेटियों से दो दिन में कुल 72 लाख रुपए की राशि गिनी जा चुकी है। मंदिर के मुख्य पुजारी अशोक भट्ट के अनुसार, मंगलवार तक 17 मुख्य पेटियां खोली जा चुकी हैं। अभी 23 छोटे मंदिरों की दान पेटियों की गिनती बाकी है। मंदिर परिसर में कुल 40 दान पेटियां हैं। मंदिर में कुल 41 दान पेटियां हैं। शेष पेटियों को भी अगले दिनों में चरणबद्ध तरीके से खोलकर राशि की गणना की जाएगी। पूरी प्रक्रिया पूर्ण होने में पांच से छह दिन लगने का अनुमान है, जिसके बाद दान का अधिकृत आंकड़ा सामने आएगा। गिनती सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक की जा रही है, जिसके बाद राशि अधिकृत बैंक खाते में जमा की जा रही है। बड़े नोटों की गिनती प्राथमिकता से की जा रही है, जबकि छोटे नोट और चिल्लर की गिनती बाद में होगी।

Advertisement

सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था

जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर निगम सहित अन्य विभागों के कर्मचारियों को दान राशि की गणना में लगाया गया है। गिनती के लिए कोषालय, बैंक और निगम कर्मचारियों समेत 25 लोगों की टीम लगाई गई है। गणना स्थल पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में की जा रही है। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की घटना के बाद मंदिरों में दान राशि की सुरक्षा और गिनती को लेकर अधिक सावधानी बरती जा रही है। खजराना गणेश मंदिर में करीब साढ़े तीन महीने बाद शुरू हुई दान पेटियों की गिनती में थ्री-लेयर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 25 सदस्यीय गिनती टीम के मंदिर में प्रवेश से पहले चेकिंग की जा रही है। सदस्यों को चेन, अंगूठी सहित किसी तरह के आभूषण पहनकर आने की अनुमति नहीं है। गिनती हॉल में 4 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग अलग से कराई जा रही है। बैंक कर्मियों की निगरानी में राशि की गिनती, पैकिंग और बैंक को सौंपने की प्रक्रिया होगी। इसके बाद दान पेटियों को सील कर बैंक को सौंपा जाएगा। सुरक्षा के लिए गार्डों की संख्या भी 2 से बढ़ाकर 5 कर दी गई है। कलेक्टर और निगमायुक्त पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मुख्य पुजारी अशोक भट्ट, मंदिर प्रबंधक घनश्याम शुक्ला और गौरी शंकर मिश्रा भी पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।

दान पेटियों से मिलीं अनोखी वस्तुएं

दान पेटियों में नकदी के साथ भक्तों की अलग-अलग तरह की श्रद्धा भी सामने आई। गिनती में एक सोने की चेन, छोटी चांदी की गणेश प्रतिमा, करीब 10 ग्राम का चांदी का सिक्का और दो स्मार्ट वॉच मिली हैं। 10 साल पहले बंद हो चुके 1000 रुपए के पांच पुराने नोट भी मिले।

भविष्य में सुरक्षा उपाय

गिनती में शामिल कर्मचारियों के लिए बिना जेब वाले कपड़ों की व्यवस्था अभी नहीं है। भविष्य में सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए प्रबंध समिति के पास ऐसा प्रस्ताव आता है तो उस पर विचार किया जा सकता है। चित्तौड़गढ़ के सांवरिया सेठ मंदिर में दान की गिनती के दौरान ऐसी व्यवस्था अपनाए जाने का उदाहरण सामने आया है।

पूर्व की घटना

खजराना मंदिर की मर्यादा से खिलवाड़, बदमाश का गर्भगृह में प्रवेश, सुरक्षा गार्ड बर्खास्त और एजेंसी पर जुर्माना।