बुलंद सोच, खंडवा।

खंडवा शहर के लाल चौकी स्थित सीनियर संयुक्त परियोजना बालक छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्रों का आक्रोश शुक्रवार को सामने आया। शुक्रवार को परोसे गए भोजन में फिर से इल्ली निकलने पर 30 से अधिक छात्र नाराज हो गए। इसके बाद वे भोजन की थालियां लेकर पैदल ही कलेक्टर कार्यालय पहुंच गए और अधिकारियों को अपनी समस्या बताई। छात्रों ने आरोप लगाया कि छात्रावास में लंबे समय से घटिया गुणवत्ता का भोजन परोसा जा रहा है और कई बार खाने में कीड़े तथा इल्लियां निकल चुकी हैं। छात्रों के अनुसार, पूर्व में भी ऐसी घटनाएं होने पर अधीक्षक को अवगत कराया गया था, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। छात्रों ने मांग की कि भोजन की गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा छात्रावास में स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। मामले की जानकारी मिलने पर अधिकारियों ने छात्रों की शिकायत सुनी और जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस घटना के बाद छात्रावास की व्यवस्थाओं और भोजन की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
जिले के अन्य छात्रावासों में भी बिगड़ी व्यवस्था
जिले के छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। दो दिन पहले अवलिया कन्या छात्रावास में कच्चे चावल खाने के बाद करीब 25 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई थी। छात्राओं को पेट दर्द, उल्टी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें होने पर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था। इस घटना के बाद भी व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं होने से छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इंदौर में दूषित भोजन से संक्रमण
इंदौर में भी दूषित खाने से 20 से अधिक छात्राएं बीमार हुई थीं, जिनमें संक्रमण लिवर तक पहुंच गया था। खाने में कॉकरोच और सिगरेट के टुकड़े भी मिले थे।

