BREAKING NEWS
2026-10-17

खरगोन में मास्टर-की से बाइक चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, खरगोन।

खरगोन जिले की खलटाका चौकी पुलिस ने पुराने लॉक वाले और चाबी लगे वाहनों को मास्टर-की से चुराने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक विधि-विरुद्ध बालक भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल आठ चोरी की बाइकें बरामद की हैं।

Advertisement

चोरी का तरीका और योजना

आरोपी खरगोन और धार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बाइक चोरी कर उन्हें एक स्थान पर एकत्रित करते थे। जांच में सामने आया कि आरोपित भीड़भाड़ वाले या सुनसान स्थानों पर खड़े ऐसे दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे, जिनके लॉक पुराने या खराब होते थे अथवा चाबी लगी रहती थी। आरोपित मास्टर-की की मदद से इन वाहनों के लॉक खोलकर बाइक चोरी कर फरार हो जाते थे। चोरी की गई बाइकों को खेतान फैक्ट्री के पीछे जंगल में छिपाकर रखा जाता था। पर्याप्त संख्या में बाइक जमा होने के बाद उन्हें बेचने की योजना थी।

कैसे पकड़े गए आरोपी

पुलिस के अनुसार, तीन सितंबर को खलटाका चौकी के आगे वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने बिना नंबर की एक बाइक को रोका और उसके चालक से दस्तावेज मांगे। चालक के पास दस्तावेज नहीं मिलने और संतोषजनक जवाब न देने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। चालक ने अपना नाम उमेश (21) बताया, जो सियाराम कॉलोनी, ठीकरी, जिला बड़वानी निवासी सुनील नामदेव का पुत्र है। जांच में पता चला कि वह बाइक थाना बलकवाड़ा में चोरी की दर्ज थी। पूछताछ में उमेश ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी महादेव उर्फ मदन (21) पुत्र भीलू डावर, निवासी आवलीदढ़, थाना ठीकरी, और एक विधि-विरुद्ध बालक के साथ मिलकर खलटाका, महेश्वर और धार जिले के धामनोद सहित अन्य क्षेत्रों से बाइक चोरी की थीं। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों और बालक को अभिरक्षा में लेकर उनकी निशानदेही पर कुल आठ बाइक बरामद कीं।

पुलिस कार्रवाई

यह कार्रवाई एसडीओपी मंडलेश्वर श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन और बलकवाड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक सागर चौहान के नेतृत्व में की गई। इस अभियान में खलटाका चौकी प्रभारी मिथुन चौहान सहित पुलिस और साइबर सेल की टीम शामिल रही।