BREAKING NEWS

जबलपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य शोभायात्रा, 51 बटुकों ने किया शंख वादन

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को धर्म और भक्ति का उल्लास देखा गया। श्री सनातन धर्म महासभा के तत्वावधान में भगवान श्रीकृष्ण की जन्माष्टमी परंपरागत और ऐतिहासिक स्वरूप में मनाते हुए भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसके साथ ही महाआरती और मटकी फोड़ सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए।
श्री सनातन धर्म महासभा की 47वीं जन्माष्टमी शोभायात्रा शुक्रवार दोपहर दो बजे श्री सनातन धर्म तिराहा, पुराने मोटर स्टैंड से प्रारंभ हुई। शोभायात्रा का शुभारंभ 51 बटुकों के शंख वादन से किया गया।
शोभायात्रा में लगभग एक दर्जन भजन मंडलियां, छह बैंड दल और दुलदुल घोड़ी शामिल हुईं। गायत्री परिवार, श्रीरामलीला समिति गढ़ा, समरसता सेवा संगठन, चैतन्य महाप्रभु संकीर्तन मंडल, यादव समाज, साहू समाज, माहेश्वरी समाज और अग्रवाल समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इसमें सहभागिता की।
श्री नरसिंह मंदिर गीता धाम, श्रीकृष्ण मंदिर गोरखपुर, श्रीराम मंदिर मदन महल, श्रीकृष्ण मंदिर छोटी ओमती, श्री जगदीश मंदिर गढ़ाफाटक, श्री गोपाल लालजी मंदिर, श्री गोपाल मंदिर घमापुर, श्री गीता मंदिर बाई का बगीचा, झूलेलाल मंदिर भरतीपुर और अन्नपूर्णा मंदिर निवाड़गंज सहित विभिन्न मंदिरों की झांकियां भी शोभायात्रा का हिस्सा बनीं।
शोभायात्रा श्री सनातन धर्म तिराहा से शुरू होकर तीन पत्ती चौक, मालवीय चौक, सुपर बाजार, गंजीपुरा, बड़ा फुहारा, कमानिया गेट, कोतवाली, मिलौनीगंज, गोपाल लालजी मंदिर, हनुमानताल और बड़ी खेरमाई होते हुए त्रिमूर्ति मंदिर भानतलैया पहुंची। यहां धर्मसभा के आयोजन के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ।
संस्कारधानी की ऐतिहासिक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा के स्वागत एवं सम्मान के लिए जवाहरगंज वार्ड स्थित बड़ा फुहारा, घमंडी चौक पर एक भव्य स्वागत मंच बनाया गया था। दोपहर दो बजे से आयोजित कार्यक्रम में शोभायात्रा में शामिल संत-महंत, गणमान्य नागरिक, विभिन्न समाजों एवं संस्थाओं के समाजसेवी, आयोजक और श्रीकृष्ण मंदिरों की झांकियों एवं प्रस्तुतियों को सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक लखन घनघोरिया, पूर्व मंत्री तरुण भनोत, जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष एडवोकेट मनीष मिश्रा, पूर्व विधायक एवं ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष संजय यादव, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश यादव, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, पूर्व विधायक विनय सक्सेना, वरिष्ठ कांग्रेस नेता बाबू विश्वमोहन, युवक कांग्रेस नेता अंकुर गुप्ता, नेता प्रतिपक्ष अमरीष मिश्रा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी मौजूद रहे।

भेड़ाघाट हरे कृष्णा आश्रम में जन्माष्टमी

भेड़ाघाट स्थित हरे कृष्णा आश्रम में भी शुक्रवार को जन्माष्टमी का विशेष आयोजन हुआ। आश्रम के संस्थापक स्वामी रामचंद्र दास महाराज की उपस्थिति में शाम 4:30 बजे भगवान राधा-कृष्ण का अभिषेक, तुलसी पूजा, संकीर्तन और महाआरती की गई।
इसके बाद एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया और बच्चों के लिए मटकी फोड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
आश्रम के व्यवस्थापक एवं नर्मदा महाआरती के संस्थापक डॉ. सुधीर अग्रवाल ने बताया कि भक्तों को वृंदावन धाम से पूजित मोर पंख प्रसाद स्वरूप वितरित किए गए। संगमरमर की वादियों के बीच स्थित आश्रम को जन्माष्टमी के लिए आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

Advertisement