बुलंद सोच, पुणे।
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आगामी गणेश उत्सव के मद्देनजर 2,900 एसटी बसों की सेवा शुरू की। रविवार को शिवसेना की तरफ से की गई इस पहल का शुभारंभ करते हुए शिंदे ने कहा कि इन बसों में यात्रियों को कोंकण क्षेत्र तक मुफ्त यात्रा का इंतजाम किया गया है। शिंदे ने त्योहारी मौसम के दौरान ट्रेनों में भारी भीड़ और सीमित टिकटों की उपलब्धता को स्वीकार करते हुए हर साल मुफ्त बस सेवा की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बताया कि इसका मकसद भक्तों को बिना किसी परेशानी के गांवों तक पहुंचाना है। उप मुख्यमंत्री ने त्योहार के सांस्कृतिक महत्व पर जोर दिया और कहा कि यह राज्य की पहचान, संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है। शिंदे ने सरकार के अन्य फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि त्योहार से इतर आम दिनों में भी महिलाओं के लिए एसटी बस किराए पर 50 प्रतिशत की छूट का इंतजाम किया गया है।
पुणे-पिंपरी-चिंचवड़ में बिजली बाधित
महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (MahaTransco) ने बताया कि पुणे के चिंचवड़ सबस्टेशन में तकनीकी खराबी और आग लग गई। रविवार दोपहर की इस घटना के कारण पुणे तथा पिंपरी-चिंचवड़ के बड़े हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। यह आग दोपहर 12:25 बजे 22-केवी करंट ट्रांसफार्मर में विस्फोट के बाद लगी। प्रबंधन के अनुसार, कुल 3.10 लाख उपभोक्ता प्रभावित हुए। कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति 3 बजे तक बहाल हुई।

