BREAKING NEWS
2026-10-17

महू के लोधिया कुंड में पैर फिसलने से बहन डूबी, बचाने उतरे चचेरे भाई की भी मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, महू।

सोमवार को सिमरोल थाना क्षेत्र के लोधिया कुंड में घूमने पहुंचे एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं, जब पानी में डूबने से चचेरे भाई-बहन की मौत हो गई।

Advertisement

यह हादसा अंजलि चौहान के पैर फिसलने के बाद हुआ, जिससे वह पानी में डूबने लगी। उसे बचाने के लिए अजीत सिंह चौहान ने कुंड में छलांग लगा दी।

अंजलि को बचाने के प्रयास में अजीत भी गहरे पानी में चला गया और कुछ ही देर में दोनों पानी में डूब गए। दोनों को डूबता देख स्वजनों ने मदद के लिए शोर मचाया।

आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

सिमरोल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महू स्थित मध्यभारत अस्पताल भेजा।

मृतकों की पहचान अजीत सिंह पिता भूपेंद्र चौहान (25), निवासी गोरी नगर, इंदौर, और अंजलि चौहान पिता देवीसिंह चौहान (23), निवासी एमबी-59, वीणा नगर, सुखलिया, इंदौर, के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई-बहन थे।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। थाना प्रभारी कुलदीप खत्री ने बताया कि सोमवार शाम दोनों का पोस्टमार्टम कराया गया।

पोस्टमार्टम के बाद शव उनके स्वजनों को सौंप दिए गए।