BREAKING NEWS
2026-10-17

ग्वालियर वायरोलॉजी लैब में एक महिला स्वाइन फ्लू पॉजिटिव

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर के गजराराजा मेडिकल कॉलेज स्थित वायरोलॉजी लैब में स्वाइन फ्लू की जांच के दौरान एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। सोमवार को तीन स्वाइन फ्लू संदिग्ध मरीजों के सैंपल की जांच की गई थी, जिनमें यह महिला संक्रमित मिली। यह महिला छतरपुर जिले की निवासी है।
स्वास्थ्य विभाग ने इसकी सूचना छतरपुर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय को भेज दी है, ताकि वहां भी निगरानी और आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पॉजिटिव पाई गई महिला जेएएच में भर्ती है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
इससे पहले वायरोलॉजी लैब में 10 संदिग्ध मरीजों के सैंपल की जांच की जा चुकी थी, जिनकी सभी रिपोर्ट निगेटिव आई थीं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों की निगरानी और सैंपल जांच का सिलसिला जारी रखा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, लक्षण मिलने पर मरीजों के सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है, जिससे संक्रमण की समय पर पहचान हो सके। महामारी विशेषज्ञ डॉ. महेन्द्र पिपरोलिया ने बताया कि पॉजिटिव महिला की रिपोर्ट मिली है, जिसकी जानकारी संबंधित जिले को भेज दी गई है।

Advertisement

ओपीडी में मरीजों की बढ़ती संख्या

उधर, मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और वायरल संक्रमण के बढ़ते प्रभाव के कारण अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सोमवार को अस्पताल की ओपीडी में कुल 3865 मरीज पहुंचे, जिनमें 2907 नए और 958 पुराने मरीज शामिल थे।
सबसे अधिक मरीज मेडिसिन विभाग में पहुंचे, जहां कुल 740 मरीजों का उपचार किया गया। ओपीडी आंकड़ों के अनुसार, मेडिसिन विभाग में 652 नए और 88 पुराने मरीज पहुंचे। इसके बाद त्वचा रोग (डर्मेटोलाजी) विभाग में 422, न्यूरोलाजी-न्यूरोसर्जरी विभाग में 403 तथा आर्थोपेडिक विभाग में 297 मरीजों ने परामर्श लिया।
स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में 229, सर्जरी में 216 और बाल रोग विभाग में 211 मरीज पहुंचे। अन्य प्रमुख विभागों में फिजियोथैरेपी में 163, मनोरोग में 160 और ईएनटी में 170 मरीज दर्ज किए गए। विशेषज्ञों का कहना है कि बदलते मौसम, उमस और संक्रमण के कारण सर्दी, खांसी, बुखार, एलर्जी तथा त्वचा संबंधी समस्याओं के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।