बुलंद सोच, भोपाल।
प्रदेश में आगामी छह माह तक शुक्रवार को कोई विभागीय बैठक आयोजित नहीं की जाएगी। अपरिहार्य परिस्थितियों में इसके लिए मुख्य सचिव से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। यह नई व्यवस्था मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के लिए बनाई गई है, जो आगामी 7 अगस्त से शुरू होकर 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव छिंदवाड़ा पहुंचेंगे, जहां वे जिला स्तरीय समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम का आयोजन करेंगे तथा जन और उद्यमी संवाद में भी भाग लेंगे। इसी प्रकार के कार्यक्रम सभी जिलों में आयोजित किए जाएंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभाग प्रमुखों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान दिवस यानी प्रत्येक शुक्रवार को अपरिहार्य स्थितियों को छोड़कर विभाग, विभागाध्यक्ष, संभागायुक्त, कलेक्टर और जिला अधिकारियों के साथ बैठकें न करें। जन विश्वास अभियान के तहत नियुक्तियों का हिसाब रखा जाएगा और लंबित प्रक्रियाओं को एक महीने के भीतर पूरा करना होगा। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) हर जिले की निगरानी करेगा। सभी विभाग प्रमुख और विभागाध्यक्ष इस अवधि में प्रत्येक शुक्रवार को दौरे पर रहेंगे। उन्हें जिले एवं क्षेत्र के चयन की स्वतंत्रता दी गई है। यदि किसी सप्ताह विभागीय अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव, सचिव दौरे पर नहीं जा पा रहे हैं, तो उन्हें मुख्य सचिव कार्यालय को सूचित करना होगा।

