BREAKING NEWS
2026-08-04

इमाम की नौकरी का झांसा देकर रायसेन निवासी को ओमान बुलाया, बंधक बनाकर कराए टॉयलेट साफ

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, रायसेन।

रायसेन जिले के गीदगढ़ गांव निवासी मोहम्मद फैजान को ओमान की एक मस्जिद में इमाम (नमाज पढ़ाने) की नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया। एक एजेंट ने उनसे इस बहाने करीब दो लाख रुपये ऐंठे। फैजान ने बताया कि एजेंट ने जनवरी में मेडिकल और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर यह राशि किश्तों में ली।

Advertisement

4 मई को फैजान मस्कट पहुंचे। वहां उन्हें मस्जिद की बजाय 30-40 कमरों वाले मिनिस्ट्री ऑफिस में काम करना पड़ा। इन कामों में झाड़ू-पोछा, बर्तन और टॉयलेट-बाथरूम साफ करना शामिल था।

उनसे रोज 14 से 15 घंटे काम कराया गया। उन्हें न वेतन दिया गया और न ही पर्याप्त भोजन। फैजान ने बताया कि कई बार उन्हें चार-चार दिन तक भूखा भी रखा गया।

शिकायत करने पर एजेंट ने उनका नंबर ब्लॉक कर दिया। कंपनी ने फैजान का पासपोर्ट जब्त कर लिया और भारत लौटने के लिए 650 रियाल की मांग की।

मस्कट में रहने वाले भारतीयों ने फैजान की मदद की। भोपाल के सामाजिक कार्यकर्ता सैयद आबिद हुसैन की पहल पर ओमान स्थित भारतीय दूतावास, विदेश मंत्रालय और भारतीय प्रवासी सहायता केंद्र ने इस मामले में हस्तक्षेप किया। लेबर कोर्ट से एग्जिट परमिट मिलने और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद, फैजान 28 जुलाई को मुंबई पहुंचे और 30 जुलाई की रात अपने गांव गीदगढ़ लौट आए।

फैजान और उनके परिजनों ने आरोपी एजेंट तथा फर्जी कंपनी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।