बुलंद सोच, नारायणगढ़।
नारायणगढ़ नगर में रविवार सुबह एक घर में मगरमच्छ घुसने से हड़कंप मच गया। यह घटना नारायणगढ़ निवासी शैलेन्द्र पाटीदार के घर में हुई। शैलेन्द्र ने बताया कि उनकी पत्नी सुबह किचन में चाय बनाने के लिए जा रही थीं, तभी घर के अंदर चढ़ाव की सीढ़ियों पर उनकी नजर एक बड़े जानवर पर पड़ी। करीब जाकर देखने पर पता चला कि वह मगरमच्छ था। यह देखकर पत्नी घबराकर दौड़ते हुए बाहर आईं और परिवार को सूचना दी।
घर में मगरमच्छ की सूचना मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिवार के लोग डर के कारण दरवाजा बंद कर बाहर खड़े रहे। सूचना मिलने पर करीब एक घंटे बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू के दौरान मौके पर भीड़ बढ़ने से नारायणगढ़ थाना पुलिस बल को भी तैनात किया गया।
वन विभाग की टीम ने रस्सियों की मदद से मगरमच्छ का रेस्क्यू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को काबू कर उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया। बाद में वन विभाग की टीम मगरमच्छ को अपने साथ लेकर गई और उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ा गया। रेस्क्यू के बाद ही परिवार घर में पहुंचा।
वन विभाग के अनुसार, वर्षा के कारण आसपास के नाले और जलस्रोतों का पानी बढ़ने से मगरमच्छ रिहायशी क्षेत्र में आ गए हैं।

