BREAKING NEWS
2026-10-17

रतलाम में ईद मिलादुन्नबी जुलूस के दौरान कांग्रेस पार्षद नासिर कुरैशी का इंतकाल

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, रतलाम।

रतलाम में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद और सीरत कमेटी के अध्यक्ष नासिर कुरैशी का तबीयत बिगड़ने के बाद निधन हो गया।

Advertisement

लगभग 64 वर्षीय कुरैशी वर्ष 1999 से अब तक चार बार पार्षद रहे थे। पिछली बार उन्हें वार्ड नंबर 47 से पुनः पार्षद चुना गया था।

सीरत कमेटी के तत्वावधान में ईद मिलादुन्नबी का जुलूस बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे कुरैशी मंडी आबकारी रोड से निकाला गया। जुलूस के प्रारंभ में पार्षद नासिर कुरैशी और कमेटी के अन्य पदाधिकारियों ने जुलूस में आए समाज के वरिष्ठजनों, विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संस्थाओं के पदाधिकारियों तथा समाजसेवियों का स्वागत किया।

जुलूस विभिन्न मार्गों से होता हुआ पैलेस रोड से महलवाड़ा की ओर जा रहा था, तभी सुबह करीब 11:30 से 11:45 बजे के बीच अन्य समाजसेवियों के साथ पैदल चल रहे पार्षद नासिर कुरैशी की तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही उनका इंतकाल हो चुका था।

उनके निधन की खबर तेजी से शहर में फैली, जिससे उनके समर्थकों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके वार्ड में भी माहौल गमगीन हो गया और क्षेत्र में आयोजित ईद मिलादुन्नबी के कार्यक्रम रद्द कर दिए गए।